भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था, चीन को दे रहा कड़ी टक्कर: IMF
IMF ने 2023-24 के लिए अपने विकास अनुमान को 6.1 % से घटाकर 5.9 % कर दिया। विश्व आर्थिक आउटलुक के आंकड़ों से पता चला है कि एक महत्वपूर्ण गिरावट के बावजूद भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है।

IMF की एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनी हुई है। IMF ने आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान में कमी के बावजूद FY24 के लिए भारत की GDP 5.9 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद जताई है।
IMF ने भारत के लिए 2024-25 के वित्तीय वर्ष के लिए पूर्वानुमान को घटाकर 6.3 फीसदी कर दिया, जो इस साल जनवरी में 6.8 फीसदी था। चीन की विकास दर 2023 में 5.2 फीसदी और 2024 में 4.5 फीसदी रहने का अनुमान है। जबकि 2022 में इसकी विकास दर 3 फीसदी थी।
IMF एशिया और प्रशांत विभाग की उप निदेशक ऐनी-मैरी गल्ड ने एक इंटरव्यू में कहा, "भारतीय अर्थव्यवस्था का अच्छा प्रदर्शन जारी है और सबसे तेजी से बढ़ती एशियाई अर्थव्यवस्था बनी हुई है, और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।"
ऐनी-मैरी गल्ड कहा कि खपत बढ़ने में अपेक्षित मंदी के कारण वृद्धि अनुमानों में थोड़ी कमी की गई है। उन्होंने कहा कि हमने हाल के आंकड़ों को शामिल करने के लिए अपने अनुमानों को संशोधित किया है। IMF के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गौरिनचास ने अर्थव्यवस्था सुधरने का संकेत दिया।
उन्होंने कहा कि आपूर्ति-श्रृंखला की रुकावटें और यूक्रेन युद्ध के कारण ऊर्जा तथा खाद्य बाजारों में पैदा हुई बाधाएं भी कम हो रही है। पियरे-ओलिवियर गौरिनचास ने कहा कि इसके साथ ही ज्यादातर केंद्रीय बैंकों द्वारा की गई मौद्रिक सख्ती का फल मिलना शुरू हो जाना चाहिए। साथ ही मुद्रास्फीति अपने लक्ष्यों की ओर वापस आ रही है।
अर्थशास्त्री गौरिनचास ने कहा कि IMF के ताजा अनुमानों के मुताबिक वैश्विक वृद्धि दर इस साल 2.8 प्रतिशत और 2024 में 3 फीसदी रहेगी। इसके साथ ही मुद्रास्फीति भी 2022 के 8.7 फीसदी से घटकर इस साल 7 फीसदी और 2024 में 4.9 फीसदी रह सकती है।
इसके साथ ही IMF के डिवीजन चीफ डेनियल लेघ ने मंगलवार को भारतीय अर्थव्यवस्था की खूब तारीफ की है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में विश्वास को दोहराया और कहा कि यह एक 'बहुत मजबूत अर्थव्यवस्था' है। उन्होंने कहा कि भारत इस समय उच्च विकास दर के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था के सबसे ब्राइट स्पॉट में से एक है।
डेनियल ने कहा 'हमारे पास भारत के लिए उच्च विकास दर है जो 2022 में 6.8 है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह इस समय वैश्विक अर्थव्यवस्था के ब्राइट स्पॉट में से एक है। यहां जो हो रहा है वह भी ऐतिहासिक संशोधनों का एक सेट है।'












Click it and Unblock the Notifications