Hurricane Melisa: 280 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मचेगी तबाही! 6 लाख लोगों को छोड़ना पड़ा घर
Hurricane Melisa: तूफान मेलिसा जमैका की ओर बढ़ रहा है, जिससे भारी तबाही की आशंका है। जमैका के अधिकारियों ने सोमवार शाम को लोगों से सुरक्षित स्थानों और आश्रय स्थलों पर जाने का आग्रह किया गया था। प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस ने चेतावनी दी है कि यह एक "बहुत विनाशकारी तूफान" हो सकता है, जो द्वीप पर अब तक का सबसे भीषण तूफान साबित हो सकता है।
अमेरिका से जारी हुई चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र (US National Hurricane Centre) के अनुसार, मेलिसा को "संभावित रूप से विनाशकारी" बताया गया है। इस तूफान के मंगलवार को जमैका से टकराने की आशंका है, जिससे बाढ़, तेज हवाओं और लैंड स्लाइड के कारण भारी नुकसान हो सकता है। जमैका के दक्षिणी तट पर 13 फीट (चार मीटर) तक ऊंची लहरों से तबाही की संभावना जताई गई है। 174 साल बाद यह द्वीप पर आने वाला सबसे ताकतवर तूफान होगा।

कैटेगरी 5 का तूफान
सोमवार रात स्थानीय समय के अनुसार, मेलिसा किंग्स्टन से लगभग 245 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था। इसकी अधिकतम गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा थी और यह 4 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा था। सेफायर-सिम्पसन तूफान पैमाने पर कैटेगरी 5 का यह तूफान जमैका से सीधे टकराने वाला अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान होगा।
पूर्वी जमैका में भारी बारिश और लैंड स्लाइड की आशंका
पूर्वी जमैका के कुछ हिस्सों में 30 इंच (76 सेमी) तक बारिश हो सकती है, जिससे "विनाशकारी अचानक बाढ़ और कई लैंड स्लाइड" की संभावना है। हालांकि, बाढ़-प्रवण क्षेत्रों से लोगों को निकालने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन कुछ लोग अपने घरों में रहने पर अड़े हैं। बावजूद इसके 6 लाख लोगों को अभी तक विस्थापित किया गया है।
पश्चिमी अफ्रीका से शुरू हुआ मेलिसा
तूफान मेलिसा पश्चिमी अफ्रीका के तट से एक गरज के साथ शुरू हुआ और पश्चिम की ओर बढ़ता हुआ एक सप्ताह पहले वेनेजुएला के उत्तर में एक उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया। वीकेंड में यह तेजी से कैटेगरी 4 में मजबूत हुआ और सोमवार सुबह 257 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ कैटेगरी 5 की तीव्रता पर पहुंच गया।
इतिहास के सबसे ताकतवर तूफानों में से एक
यदि तूफान अपनी वर्तमान ताकत बनाए रखता है, तो यह जमैका से सीधे टकराने वाला पांचवां सबसे मजबूत तूफान होगा। मेलिसा की धीमी गति (हाल के दिनों में 8 किमी/घंटा और अब 4 किमी/घंटा) इसके प्रभाव को और बढ़ाएगी, जिससे इसके मार्ग में अत्यधिक बारिश होगी। मंगलवार शाम तक जमैका में 200-400 मिमी (8-16 इंच) बारिश होने की संभावना है, कुछ स्थानों पर यह 1,000 मिमी तक भी पहुंच सकती है।
क्यूबा तक असर
पूर्वी क्यूबा में भी मंगलवार देर रात से बुधवार तक इसी तरह की बारिश की उम्मीद है। क्यूबा के अधिकारियों ने सैंटियागो सहित इस क्षेत्र से 600,000 से अधिक लोगों को निकालने की योजना बनाई है। जमैका के पश्चिमी छोर को सबसे अधिक नुकसान होने की आशंका है। प्रधानमंत्री होल्नेस ने सीएनएन को बताया, "मुझे नहीं लगता कि इस क्षेत्र में कोई भी बुनियादी ढांचा कैटेगरी 5 के तूफान का सामना कर सकता है।"
पहले से ही बिजली कटौती और लैंड स्लाइड की खबरें
तूफान मेलिसा के कारण जमैका में लैंड स्लाइड, गिरे हुए पेड़ और कई बिजली आउटेज की खबरें आई हैं। स्वास्थ्य मंत्री क्रिस्टोफर टफटन ने बताया कि तटीय क्षेत्रों के कुछ अस्पतालों से मरीजों को पहली मंजिल से दूसरी मंजिल पर स्थानांतरित किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी है कि मेलिसा जमैका में "विनाशकारी और जानलेवा हवाएं, बाढ़ और तूफान की लहरें" लेकर आएगा।
विशेषज्ञों ने दी अंतिम चेतावनी
मियामी में केंद्र के निदेशक डॉ. माइकल ब्रेनन ने सोमवार को एक लाइव अपडेट में कहा कि तूफान का केंद्र मंगलवार की शुरुआत में जमैका के तट पर पहुंचने की उम्मीद है, जिससे द्वीप के मध्य भाग में भी भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा, "जमैका में सभी को अब अपनी सुरक्षित जगह पर रहना चाहिए।"
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट मे बताएं।












Click it and Unblock the Notifications