‘भारतीय जड़ों और हिंदू धर्म पर बेहद गर्व,’, G20 से पहले ऋषि सुनक ने कहा भारत के साथ हमेशा मजबूत संबंध रखेंगे
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने एक बार फिर से भारत और हिंदू धर्म को लेकर बयान दिया है। भारत यात्रा से कुछ ही समय पहले समाचार एजेंसी पीटीआई संग एक विशेष साक्षात्कार में सुनक ने कहा कि वह बेहद भाग्यशाली हैं और उन्हें अपनी भारतीय जड़ों और भारत के साथ अपने संबंधों पर बेहद गर्व है।
पीएम सुनक ने कहा, ''मेरी पत्नी भारतीय हैं और एक गौरवान्वित हिंदू होने के नाते, मेरा हमेशा भारत और भारत के लोगों से जुड़ाव रहेगा। मुझे अपनी भारतीय जड़ों और भारत से अपने संबंधों पर बेहद गर्व है''।

इसके साथ ही सुनक ने कहा कि बीते साल प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने के बाद उन्हें भारतीय प्रवासियों से बेहद जबरदस्त समर्थन मिला है। उन्होंने कहा, जब उनसे पूछा गया कि वह अपनी भारतीय मूल को कैसे देखते हैं तब उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें भारतीय गौरव का पोस्टर बॉय माना जाता है तो उनके मन में किस तरह की भावनाएं थीं।
पीएम सुनक ने कहा, "प्रधानमंत्री बनने के बाद मैंने जो पहला काम किया, वह डाउनिंग स्ट्रीट में दिवाली के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित करना था। इस दौरान मुझे वहां कई ब्रिटिश भारतीयों का स्वागत करने का अवसर मिला। यह मेरे लिए गर्व और भावनात्मक क्षण था।'
सुनक ने आगे कहा, "क्योंकि मेरी कहानी ब्रिटेन में भारत के साथ गहरे और स्थायी संबंध रखने वाले बहुत से लोगों की कहानी है। हमारे देश की ताकत इसकी विविधता में निहित है, और यह कुछ ऐसा है जिसे मैंने प्रधानमंत्री बनने के बाद कई बार प्रत्यक्ष रूप से देखा है।"
जब उनसे भारत के साथ उनके पारिवारिक संबंध और अपने ससुराल वालों के साथ उनकी बातचीत के बारे में पूछा गया, तो सुनक ने कहा कि वह हमेशा राजनीति को अपने पारिवारिक जीवन से दूर रखते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह उनके साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनका परिवार अक्सर क्रिकेट पर चर्चा करता है।
इसके साथ ही सुनक ने कहा, मुझे अपने सास-ससुर और उन्होंने जो हासिल किया है उस पर अविश्वसनीय रूप से गर्व है। उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे सम्मानित कंपनियों में से एक की स्थापना की। ये कंपनी भारत और यूके दोनों देशों में हजारों लोगों को रोजगार देती है। मैं भी एक ऐसे देश का निर्माण और नेतृत्व करना चाहता हूं जहां कोई भी उस तरह की सफलता का अनुकरण कर सके जो उन्हें मिली है।''
सुनक ने इसके साथ ही पीएम मोदी के साथ होने वाली मुलाकात को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनकी मुलाकात वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने का अवसर है, और उन्हें संबोधित करने में यूके और भारत को बड़ी भूमिका निभानी है।
इसके आगे ऋषि सुनक ने कहा कि दुनिया के सामने आने वाली सबसे बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए हम जी20 की अध्यक्षता के माध्यम से भारत के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 2023 भारत के लिए बहुत बड़ा साल है।
ऋषि सुनक ने खालिस्तान गतिविधियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश पुलिस हिंसक कृत्यों से निपटने के लिए पूरी तरह सशक्त है। ब्रिटेन खालिस्तान समर्थक उग्रवाद से निपटने के लिए भारत सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।
सुनक ने कहा कि वे हिंसक, विभाजनकारी विचारधाराओं को बाधित करने और उनका मुकाबला करने के सरकार के कर्तव्य को बहुत गंभीरता से लेते हैं, चाहे वे कैसे भी हों।












Click it and Unblock the Notifications