कनाडा में एक और हिन्दू मंदिर को खालिस्तानियों ने बनाया निशाना, आतंकी का लगाया पोस्टर, की तोड़फोड़
कनाडा में एक बार फिर से खालिस्तानियों द्वारा हिन्दू मंदिर को निशाना बनाया गया है। ताजा मामला कनाडा के सरे स्थित मंदिर में एक हिंदू मंदिर का है जहां शनिवार आधी रात को तोड़फोड़ की गई। इस साल कनाडा में मंदिर में तोड़फोड़ की ये तीसरी घटना है।
इस दौरान मंदिर के मुख्य दरवाजे पर खालिस्तान जनमत संग्रह के पोस्टर भी चिपका दिए गए। पोस्टर में लिखा था, 'कनाडा 18 जून की हत्या में भारत की भूमिका की जांच कर रहा है।' दरवाजे पर लगे पोस्टर में हरदीप सिंह निज्जर की फोटो भी थी।

खालिस्तानियों की यह हरकत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि दो लोग मंदिर में आते हैं। इस दौरान दोनों ने ही अपना मुंह छिपा रखा है। इसी बीच नीली पगड़ी पहना हुआ शख्स मंदिर के मुख्य दरवाजे पर खालिस्तानी जनमत संग्रह के पोस्टर लगाता है और उसके बाद दोनों वहां से फरार हो जाते हैं।
आपको बतादें कि पोस्टर में जिस खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की तस्वीर है, उसकी इसी साल 18 जून को कनाडा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हरदीप सिंह निज्जर कनाडा के सरे में गुरु नानक सिख गुरुद्वारा साहिब के प्रमुख था। गुरुद्वारे के परिसर में दो अज्ञात लोगों ने उनकी हत्या कर दी थी। वह अलगाववादी संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) का प्रमुख था।
निज्जर को भारत सरकार ने डेजिग्नेटेड आतंकी घोषित किया था। हाल ही में भारत सरकार ने 41 आतंकियों की लिस्ट जारी की थी, उसमें हरदीप निज्जर का नाम शामिल था। वह पंजाब के जालंधर जिले का रहने वाला था।
उस पर साल 2022 में पंजाब के जालंधर में हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश रचने का आरोप था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने निज्जर पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
आपको बता दें कि कनाडा में पहले भी कई बार हिन्दू मंदिरों को निशाना बनाया जा चुका है। इसी साल 5-6 अप्रैल को ओंटेरियो प्रांत में स्थित BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर में मंगलवार रात को तोड़फोड़ की गई और दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे गए। इससे पहले 31 जनवरी को, कनाडा के ब्रैम्पटन में एक प्रमुख हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications