पाकिस्तान को ‘फ्रैंकेंस्टाइन’ कहने पर भड़कीं हिना रब्बानी खार, मोदी सरकार के लिए कही यह बात
जयशंकर द्वारा पाकिस्तान की तुलना फ्रैंकेंस्टाइन से करने पर विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बारी खार ने कहा कि ये पाकिस्तान को लेकर एक बेतुके जुनून को दर्शाती है।

Image: File
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तानी मंत्रालय ने कहा कि भारतीय विदेश मंत्री की ये टिप्पणी भारत के पाकिस्तान को लेकर एक बेतुके जुनून को दर्शाती है। इससे पहले एस जयशंकर ने पाकिस्तान को 'फ्रैंकेंस्टाइन' करार दिया था।
बुधवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति, अर्थव्यवस्था और आतंकवाद पर जयशंकर की टिप्पणी को लेकर हिना रब्बानी खार ने कहा कि पाकिस्तान को कूटनीतिक मोर्चे पर बदनाम करने और अलग-थलग करने की नाकाम कोशिश के बाद भारतीय नेता आर्मचेयर पंडित बन गए हैं।
हिना रब्बानी ने कहा कि भारतीय नेता, पाकिस्तान पर ध्यान केंद्रित करके अपने देश में हो रहे घटनाक्रमों कोनजरअंदाज कर देते हैं जहां, कट्टर हिंदुत्व विचारधारा के उदय के कारण भारत का सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न हो रहा है।
हिन्ना रब्बारी खार ने कहा कि सिंधु जल संधि की समीक्षा के लिए बातचीत शुरू करने से जुड़े भारत के पत्र का पाकिस्तान ने जवाब दिया है। पाकिस्तान संधि के लिए अच्छी भावना के साथ जल सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध है।
पाकिस्तान के लोकतंत्र शिखर सम्मेलन के बहिष्कार के कारण का जवाब देते हुए खार ने कहा कि हमने पहले ही एक बयान जारी कर दिया है। पाकिस्तान एक जीवंत लोकतंत्र के रूप में पाकिस्तानियों की पीढ़ियों और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध है।
खार ने कहा कि पाकिस्तान लोकतंत्र, मानवाधिकार और मौलिक स्वतंत्रता में यकीन करता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान 2021 में शुरू हुई शिखर सम्मेलन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं रहा। हम मानते हैं कि शिखर सम्मेलन की प्रक्रिया अब आगे बढ़ चुकी है।
पाकिस्तान लोकतांत्रिक सिद्धांतों और मानवाधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए कार्यरत है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए काम कर रहे हैं। पाकिस्तानी पुरुषों के बारे में ब्रिटिश गृह सचिव द्वारा दिए गए बयान पर हिना रब्बानी खार ने कहा कि पाकिस्तान इन टिप्पणियों को खतरनाक, भेदभावपूर्ण और जेनोफोबिक मानता है।












Click it and Unblock the Notifications