न्यूयॉर्क में भारी बारिश, घर साफ कर रही महिला को बहा ले गया पानी, मेयर ने कहा- भूल से भी सड़क पर न निकलें
अमेरिका के न्यूयॉर्क और पेन्सिलवेनिया के कई भारी बारिश के कारण बाढ़ की चपेट में हैं। भारी बारिश के कारण न्यूयॉर्क की हडसन वैली में अत्यधिक बाढ़ आ गई, जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूयॉर्क और पेन्सिलवेनिया के अधिकांश हिस्से में सड़कें डूब गई हैं। लोगों की घरों में पानी भी भर आया है जिससे जीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

राष्ट्रीय मौसम सेवा ने दक्षिणपूर्वी न्यूयॉर्क के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की, और इसे जीवन के लिए खतरनाक बताया। इसके अलावा राष्ट्रीय मौसम सेवा ने पूर्वोत्तर अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और एक बड़े तूफान के लिए तैयार रहने को कहा है।
ऑरेंज काउंटी के कार्यकारी स्टीव न्यूहौस ने सीबीएस न्यूयॉर्क को बताया कि 30 साल की एक महिला और उसका कुत्ता बाढ़ के पानी में बह गए। महिला हाईलैंड फॉल्स में अपना घर खाली कर रही थी, इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गई।
ताजा जानकारी के मुताबिक महिला मृत पाई गई है जबकि उसका कुत्ता सलामत है। कुत्ते को उसके पड़ोसी ने अपने पास रख लिया है। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने ट्वीट किया कि रात 9:30 बजे तक 13,000 घरों में बिजली गुल हो गई थी।
न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि पानी की मात्रा असाधारण है। हम अभी बेहद खतरनाक स्थिति में हैं। गवर्नर ने कहा कि ये रात बेहद भारी होने वाली है। न्यूयॉर्क मेयर ने लोगों से सड़कों से दूर रहने की अपील की है।
रॉकलैंड काउंटी के कार्यकारी अधिकारी एड डे ने लोगों को भारी बारिश खत्म होने तक सुरक्षित स्थान पर और घर के भीतर ही रहने का निर्देश जारी किया है। बाढ़ में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अन्य संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाया जा रहा है।
इसके साथ ही अमेरिका के एक अन्य राज्य पेंसिल्वेनिया में भी बाढ़ की बुरी स्थिति बनी हुई है। बारिश का प्रभाव सबसे ज्यादा मध्य पेंसिल्वेनिया में देखने को मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications