Georgian Ski Resort: स्की का मजा बनी मौत की सजा! जॉर्जिया में CO गैस ने ली 12 भारतीय नागरिकों की जान
Gudauri Indian Citizens Death: जॉर्जिया के गुडौरी स्की रिसॉर्ट में एक दर्दनाक घटना में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह घटना कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता के कारण हुई। भारतीय दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
गुडौरी का यह स्की रिसॉर्ट जॉर्जिया का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जहां भारतीय भोजन परोसने वाले रेस्तरां की इमारत में यह घटना हुई। यह जगह समुद्र तल से 2,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। आइए जानते हैं पूरा मामला...

कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता
शुक्रवार रात को इमारत में बिजली गुल हो गई थी। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए एक तेल से चलने वाला जनरेटर चालू किया गया, जो बेडरूम के पास एक बंद जगह में रखा था। जनरेटर से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस ने पूरे कमरे में भरकर दम घुटने की स्थिति पैदा कर दी, जिससे 12 भारतीयों की मौत हो गई।
शुरुआती जांच
जॉर्जिया के आंतरिक मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल पर किसी हिंसा या चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस ने लापरवाही से हत्या के तहत जांच शुरू की है। फोरेंसिक जांच के जरिए मौत के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
भारतीय दूतावास का बयान
राजधानी त्बिलिसी में भारतीय मिशन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए, कहा कि मिशन को गुडौरी में 12 भारतीय नागरिकों की मौत की जानकारी मिली है। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और हर संभव मदद दी जाएगी।"दूतावास ने पीड़ितों के विवरण प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस और सरकार की कार्रवाई
- जांच शुरू: पुलिस ने जॉर्जिया के आपराधिक संहिता के अनुच्छेद 116 के तहत मामला दर्ज किया है। इस अनुच्छेद के तहत लापरवाही से हुई मौत के मामलों की जांच की जाती है।
- फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम: मौके पर फोरेंसिक-अपराधशास्त्री और जांचकर्ता मौजूद हैं। मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
गुडौरी: एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल
गुडौरी, जॉर्जिया के काकेशस पहाड़ों में स्थित है और स्नोबोर्डिंग और स्कीइंग के लिए प्रसिद्ध है। यह स्थान शीतकालीन खेलों के शौकीनों का पसंदीदा है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इस घटना के बाद पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
कार्बन मोनोऑक्साइड: खतरनाक और अदृश्य
कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) एक बिना गंध और रंगहीन गैस है जो तेल, गैस, कोयला, या लकड़ी के अधूरे दहन से उत्पन्न होती है। बंद कमरों में यह गैस तेजी से भर जाती है और सांस लेने के साथ दम घुटने की स्थिति पैदा कर देती है। लंबे समय तक CO गैस के संपर्क में रहने से मस्तिष्क और हृदय को गंभीर नुकसान पहुंचता है और मौत हो सकती है।
दूतावास की ओर से मदद
भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर...
- शवों को भारत लाने की प्रक्रिया में मदद कर रहा है।
- पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications