जर्मनी को अपनी धुन पर नचा रहे पुतिन, रूस के इस एक्शन से हैरान हुआ यूरोप
रूस को यूरोप से जोड़ने वाली नॉर्ड स्ट्रीम 1 पाइपलाइन एक बार फिर से शुरू हो गई है। पाइपलाइन ऑपरेटर ने कहा कि रूस को यूरोप से जोड़ने वाली पाइपलाइन का प्रवाह फिर से शुरू हो गया है।
मास्को, 21 जुलाईः रूस को यूरोप से जोड़ने वाली नॉर्ड स्ट्रीम 1 पाइपलाइन एक बार फिर से शुरू हो गई है। पाइपलाइन ऑपरेटर ने कहा कि रूस को यूरोप से जोड़ने वाली पाइपलाइन का प्रवाह फिर से शुरू हो गया है। इसे नियमित रखरखाव के लिए बंद किया गया था। बीते दस दिनों से बंद इस पाइपलाइन के खुलते यूरोप अब राहत की सांस ले सकता है।

दस दिन पहले हुई आपूर्ति बंद
दस दिन पहले 11 जुलाई को जब रूस ने इस पाइपलाइन को मरम्मत करने का हवाला देते हुए बंद किया था तो समूचे यूरोप के हाथ-पांव फूलने लगे थे। यूरोप को डर था कि यूक्रेन युद्ध के कारण पश्चिमी देशों द्वारा रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के प्रतिशोध में अब वह कभी आपूर्ति शुरू नहीं करेगा। इस गैस पाइपलाइन से जर्मनी को गैस आपूर्ति का लगभग एक तिहाई हिस्से की पूर्ति की जाती है। ऐसे में जर्मनी सहित बाकी अन्य देश पाइपलाइन बंद होने के बाद विकल्प की तलाश में जुट गए थे।

फिर से शुरू हुई आपूर्ति
जर्मन समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक नॉर्ड स्ट्रीम एजी ने कहा है कि गुरुवार से गैसपाइप लाइन द्वारा यूरोप को आपूर्ति शुरू हो गई है। हालांकि इसके फ्लो में समय लगेगा। जर्मनी की फेडरल नेटवर्क एजेंसी के अध्यक्ष क्लॉस मुलर ने ट्विटर पर कहा कि पाइपलाइन लगभग 30 प्रतिशत क्षमता पर चल रही है। गौरतलब है कि बीते महीने रूसी सरकार के स्वामित्व वाली ग्रजप्रोम ने गैस प्रवाह को 40 फीसदी क्षमता तक कम कर दिया था। इसके पीछे तकनीकी समस्याओं का हवाला दिया गया था।

पूरी तरह गैस आपूर्ति में सक्षम नहीं रूस
गैस प्रवाह की धीमी आपूर्ति के बीच अब ऐसा लगता है कि रूस पाइपलाइन पर उतनी मात्रा में गैस की आपूर्ति नहीं कर पाएगा जितना कि वह शटडाउन से पहले कर रहा था। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को कहा कि गजप्रोम को अभी भी टरबाइन की वापसी के लिए दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुतिन ने कहा कि गजप्रोम को मरम्मत के लिए एक और टरबाइन बंद करना था। पुतिन ने आगे कहा कि टरबाइन कनाडा में मरम्मत के लिए भेजा गया था, लेकिन पश्चिमी देशों की पाबंदियों के लिए इसे वापस नहीं भेजा जा सका, ऐसे में रूस पूरी तरह से गैस आपूर्ति करने में सक्षम नहीं है।

रूस पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
इस बीच यूरोपीय संघ ने रखरखाव के लिए पाइपलाइन बंद होने के बाद आने वाले महीनों में सदस्य राज्यों से प्राकृतिक गैस की खपत में 15 प्रतिशत की कटौती करने को कहा है। यूरोपीय संघ आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने कहा कि रूस हमें ब्लैकमेल कर रहा है। रूस ऊर्जा को हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। इसलिए, किसी भी घटना में, चाहे वह रूसी गैस का आंशिक प्रमुख कटऑफ हो या रूसी गैस का कुल कटऑफ, यूरोप को तैयार रहने की जरूरत है।

यूरोप को तैयार रहना होगा
यूरोपीय संघ आयोग ने कहा कि प्राकृतिक गैस की शुरुआती कटौती स्वैच्छिक होगी, लेकिन रूस द्वारा अचानक सप्लाई बाधित करने की स्थिति में पूरे ब्लॉक में अनिवार्य कटौती लागू की जाए। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यूरोपीय आयोग ने एक बयान में कहा, "क्रेमलिन के गैस निर्यात के हथियारकरण के कारण यूरोपीय संघ को रूस से गैस आपूर्ति में और कटौती का खतरा है। ऐसे में अभी कार्रवाई करने से आगे या पूर्ण व्यवधान की स्थिति में यूरोप के लिए जोखिम और लागत दोनों कम हो सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications