अफगानिस्तान में ठंड ने तोड़े पिछले सारे रिकॉर्ड, 157 लोग मरे, 77,000 जानवरों की भी गई जान
अफगानिस्तान में ठंड से कम से कम 157 लोगों की मौत हो गई है। इतना ही नहीं कम से कम 77,000 मवेशियों की भी जानें गई हैं। अफगानिस्तान में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने ने भी इसकी पुष्टि की है।

Image: Twitter/@SaeedullahSafi7
2023 में सर्दी ने तापमान के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पूरी दुनिया में ठंड से तबाही मची हुई है। हाल ही में चीन के सबसे उत्तरी शहर मोहे में अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया था और इसी बीच अफगानिस्तान में जमा देने वाली ठंड के कारण कम से कम 157 लोगों की मौत हो गई है। इन लोगों की मौत 15 दिनों के भीतर हुई है। अफगानिस्तान में तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने ने भी इसकी पुष्टि की है।
77 हजार मवेशी भी मरे
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक ठंड से न सिर्फ इंसान मर रहे हैं बल्कि अब तक 77,000 मवेशियों की भी जान जा चुकी है। राज्य आपदा प्रबंधन मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि अफगानिस्तान में तापमान शून्य से 28 डिग्री नीचे चला गया है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार (UNOCHA) के मुताबिक, देश के 2 करोड़ 83 लाख लोग, यानी करीब दो तिहाई आबादी को जिंदा रहने के लिए तुरंत मदद की जरूरत है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह एक दशक में अब तक का सबसे ठंडा मौसम है।
बर्फबारी के कारण कई इलाकों से संपर्क टूटा
कार्यवाहक आपदा प्रबंधन मंत्री मुल्ला मोहम्मद अब्बास अखुंद ने बीबीसी को बताया कि बर्फबारी के कारण अफगानिस्तान के कई इलाके अब पूरी तरह से कट गए हैं। सेना के हेलीकॉप्टर बचाव के लिए भेजे गए हैं, लेकिन वे सबसे पहाड़ी इलाकों में नहीं उतर सके हैं। हालांकि अगले 10 दिनों के पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि तापमान नीचे जाएगा और मौसम में गर्माहट बढ़ेगी। कार्यवाहक मंत्री अखुंद का कहना है कि वह अभी भी अफगानों और उनके पशुओं की बढ़ती मौत के बारे में चिंतित हैं।
टूटा 15 सालों का रिकॉर्ड
मुल्ला अखुंद ने कहा, "ठंड में जान गंवाने वाले ज्यादातर लोग चरवाहे या ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग हैं। ऐसे लोगों की मौत हुई है जिनके पास स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच नहीं थी।" आपको बता दें कि अफगानिस्तान में सर्दी हमेशा से ही बेहद कठोर रही है लेकिन यह अब तक का सबसे खराब मौसम बताया जा रहा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में पिछले 15 सालों में इतनी भीषण ठंड नहीं पड़ी। यहां बर्फीले तूफान के चलते हालात नाजुक हो गए हैं। देश के 34 प्रांतों में से 8 प्रांतों में हालात गंभीर हैं। ठंड से मरने वालों का आंकड़ा इन्हीं 8 प्रांतों में सबसे ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications