'बजरंगी भाईजान' बने अंसार बर्नी, ट्विटर पर की गीता के लिए अपील
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों से रह रही भारतीय लड़की गीता की कहानी सुर्खियों में छाई हुई है। वह जल्द से जल्द अपने मुल्क वापस आना चाहती है और उसकी इस मुराद को पूरी करने में विदेश मंत्रालय ने पहल शुरू कर दी है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस्लामाबाद में मौजूद भारतीय राजदूत टीसीए राघवन को आदेश दिए हैं कि वह गीता से मिलें।

बर्नी की ट्वीट से मिली खबर
दरअसल यह पूरा मसला पाकिस्तान के मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी की ट्विटर पर की गई अपील से शुरू हुआ था। इसके बाद सुषमा ने भी इस मसले पर हुए ताजा घटनाक्रम के बारे में उन्हें इत्तिला दे दी है।
अंसार बर्नी दो सितंबर को भारत आएंगे। वह पिछले कई वर्षों से पाक में मुश्किलों में फंसे भारतीयों को उनके परिवारों से मिलवाने के लिए मुहिम जारी रखे हैं। 23 वर्ष की गीता 15 वर्ष पहले गलती से सीमा पार कर पाक पहुंच गई थी।
मूक-बधिर गीता को पंजाब रेंजर्स ने लाहौर में पाक एक सामाजिक संगठन एदी फाउंडेशन के हवाले कर दिया था। फाउंडेशन के संस्थापक अब्दुस सत्तार की पत्नी बिल्कीस एदी ने ही उसका नाम गीता रखा था।
झारखंड या तेलंगाना की है गुड्डी
कुछ दिनों तक लाहौर में रहने के बाद गीता को कराची भेज दिया गया। वर्ष 2012 में भी बर्नी ने गीता को उसके परिवार से मिलाने की कई कोशिशें की थीं लेकिन वह सफल नहीं हो सके थे। अब जबकि वह भारत आ रहे हैं उन्होंने ऐलान किया है कि वह फिर से गीता के परिवार को खोजने की मुहिम शुरू करेंगे। अंसार बर्नी के मुताबिक गीता झारखंड या तेलंगाना में से किसी राज्य की हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications