अफगानिस्तान संकट के बीच यूएन चीफ से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर
नई दिल्ली, 18 अगस्त। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को यूएन के सेक्रेटरी जनरल एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की और इस दौरान अफगानिस्तान के हालात पर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद विदेश मंत्री ने ट्वीट करके लिखा, यूएन सेक्रेटरी जनरल से मुलाकात हुई, हमारी बातचीत मुख्य रूप से अफगानिस्तान पर केंद्रित थी। बता दें कि एस जयशंकर सोमवार को न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। वह यहां यूएन सिक्योरिटी काउंसिल की आपात बैठक में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। महज 10 दिन के भीतर यूएन की यह बैठक भारत की अध्यक्षता में हो रही है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने अफगानिस्तान के हालात पर चर्चा की। जिस तरह से तालिबान ने अफगानिस्तान पर अपना नियंत्रण किया है उसके बाद दोनों के बीच पहली बार यह बातचीत हुई है। दोनों के बीच फोन पर यह बातचीत हुई है। इस बातचीत में एस जयशंकर ने मुख्य रूप से काबुल हवाई अड्डे पर व्यावसायिक उड़ानों को फिर से शुरू किए जाने पर जोर दिया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने दोनों विदेश मंत्री के बीच हुई चर्चा पर कहा कि दोनों के बीच मुख्य रूप से अफगानिस्तान के मुद्दे पर चर्चा हुई है।
बता दें कि अफगानिस्तान पर तालिबान के नियंत्रण के बाद से लगातार अलग-अलग देश यहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटे हैं। अमेरिका सेना ने अभी तक अफगानिस्तान से 3000 लोगों को अफगानिस्तान से बाहर निकालने की बात कही है। वहीं भारत ने भी अफगानिस्तान से अपने 120 राजनयिकों, दूतावास के कर्मचारियों व जवानों को यहां से बाहर निकाल लिया है। जबकि अन्य नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत ने एक विशेष विमान भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications