अयोध्या जैसा ही भव्य है UAE में बना मंदिर, पहली बार जारी हुई तस्वीर, इसी महीने PM मोदी करेंगे उद्घाटन
UAE hindu temple First look: अयोध्या में पिछले महीने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह हुआ था। अब इस महीने यूएई में एक और भव्य मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। यह मंदिर अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है।
बुधवार को पहली बार आधिकारिक रूप से इस मंदिर की तस्वीर जारी की गई। जो कि देखने में बेहद खूबसूरत है। मुस्लिम बहुत देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी आबूधाबी में बना ये पहला और देश का सबसे विशाल मंदिर है।

इस मंदिर का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को करेंगे। इस मंदिर का नाम BAPS हिंदू मंदिर है, जिसे BAPS संस्था के नेतृत्व में बनाया गया है। यह मंदिर 27 एकड़ की जमीन पर बनाया गया है, जिसे संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने दान में दी थी।
इस मंदिर में 7 शिखर हैं जो UAE के सात अमीरातों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस मंदिर में स्वामीनारायण, राम, सीता, कृष्ण और अय्यप्पन सहित भारत के विभिन्न हिस्सों का प्रतिनिधित्व करने वाले हिंदू देवताओं को स्थापित किया जाएगा। इस मंदिर का निर्माण 700 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है और इसमें जटिल डिजाइन वाले गुलाबी बलुआ पत्थर और संगमरमर के बने 2 गुंबद हैं।

इस मंदिर को राजस्थान और गुजरात के दो हजार से ज्यादा कारीगरों ने तैयार किया है। UAE में भारतीय राजदूत सुधीर ने कहा, "हाल के वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों में सबसे महत्वपूर्ण विकासों में से एक अबू धाबी में बीएपीएस हिंदू मंदिर का निर्माण है।"
उन्होंने कहा, "पीएम मोदी द्वारा 14 फरवरी को मंदिर के उद्घाटन की उम्मीद है। अबू धाबी के बाहरी इलाके में एक पहाड़ी की चोटी पर बना मंदिर हमारे पूर्वजों महात्मा गांधी और शेख जायद की आकांक्षा के अनुसार शांति और सहिष्णुता की स्थायी परंपरा का प्रमाण होगा।"
बीते दिनों बीएपीएस हिंदू मंदिर की ओर से पीएम मोदी को निमंत्रण दिया गया था। इसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया है। पीएम मोदी के यूएई दौरे को लेकर वहां पर मौजूद भारतीय प्रवासी अब तक के सबसे बड़े शिखर सम्मेलन की तैयारी कर रहे हैं।
इस शिखर सम्मेलन को पीएम संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का नाम अहलान मोदी (नमस्कार मोदी) नाम दिया गया है। ये कार्यक्रम शेख जाएद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच घनिष्ठ संबंधों का जश्न है और भारतीय समुदाय को अपने नेता के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।
UAE के कार्यक्रम को सुचारू बनाने के लिए एक रजिस्ट्रेशन पोर्टल स्थापित किया गया है और लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था की गई है। यह कार्यक्रम UAE में 150 भारतीय सामुदायिक संगठनों द्वारा मिलकर आयोजित किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications