अफगानिस्तान की मस्जिद में फिर धमाका, जुमे की नमाज के दौरान हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत
काबुल, 12 नवंबर। इस साल 15 अगस्त को अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद से ही वहां धमाकों का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को नंगरहार में उस समय हड़कंप मच गया जब नमाज के दौरान मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। धमाका दोपहर करीब 1.30 बजे हुआ जब नमाजी जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद में पहुंचे थे। (फाइल फोटो)

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला पूर्व नियोजित हमला था। विस्फोट मस्जिद के अंदर किया गया ताकि ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। विस्फोट अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत स्थित स्पिन घर की एक मस्जिद में हुआ, इस हमले में मस्जिद के मौलाना सहित लगभग 15 लोग घायल हुए हैं। वहीं तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बता दें कि इससे पहले 8 अक्टूबर को उत्तरी कुंदुज प्रांत में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में भीषण विस्फोट हो गया था।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान को लेकर भारत में आठ देशों के शिखर सम्मेलन से तालिबान उत्साहित, जानिए किसने क्या कहा?
वहीं, इसी महीने की शुरूआत में राजधानी काबुल में दो बम धमाके हुए हैं और दोनों बम धमाके अस्पतालों को निशाना बनाकर किए गये हैं। न्यूज एजेंसी एएफपी ने अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में बताया है कि काबुल अस्पताल हमले में 19 लोगों की मौत हुई, जबकि 50 लोग घायल हो गए थे। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, बम धमाके के बाद काफी देर तक गोलीबारी की गई। वहीं, कई चश्मदीदों ने भी काबुल में भारी गोलाबारी की आवाज सुनी। स्थानीय लोग कुछ तस्वीरे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं, जिसमें धुएं का गुबार उठता हुआ देखा जा रहा है। वहीं, अभी तक बम धमाकों और गोलीबारी की जिम्मेदारी किसी भी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन शक इस्लामिक स्टेट के आतंकियों पर ही है।












Click it and Unblock the Notifications