5 मर्डर करने वाला अपराधी ‘मोटा’ होने की वजह से बचा, जहर देकर मारने की थी तैयारी मगर नहीं मिली नस
अमेरिका में एक सीरियल किलर को मौत की सजा नहीं दी जा सकी। अपराधी को जहर का इंजेक्शन इंजेक्ट कर मौत की सजा दी जानी थी लेकिन मेडिकल टीम दोषी की नस ही नहीं ढूंढ़ पाए।
ये घटना अमेरिकी राज्य इडाहो की है। अधिकारियों ने बताया कि 73 वर्षीय दोषी थॉमस क्रीच को एक घंटे के लिए मौत की सजा दी जाने वाली कक्ष में मेज पर बांधकर रखा गया था। 8 बार नस तलाशने में असफल रहने के बाद अपराधी की मौत टाल दी गई।

न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, 73 साल के थॉमस क्रीच को लीथल डेथ इंजेक्शन टेबल (स्ट्रेचर) पर बांध दिया गया और इसके बाद मेडिकल टीम उसे इंजेक्शन लगाने की कोशिश में जुट गई। लेकिन कई प्रयास के बाद भी मेडिकल टीम दोषी के हाथों में नस नहीं तलाश पाई। इसके बाद मेडिकल टीम में पैरों में नस ढूंढ़ने का प्रयास किया लेकिन वहां भी उन्हें सफलता हासिल नहीं हुई।
सही नस ढूंढ़ने का यह सिलसिला एक घंटे तक चला। उन्होंने 8 बार नस ढूंढ़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे, जिसके बाद सजा को टाल दिया गया। माना जा रहा है कि शरीर पर अधिक चर्बी होने की वजह से उसकी नस ढूंढ़ने में दिक्कत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ दिन बाद दोबारा मौत की सजा देने की कोशिश की जाएगी। हालांकि ये कब होगा इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है।
73 वर्षीय क्रीच को 1974 में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया था। उसे तीन राज्यों में पांच हत्याओं का दोषी ठहराया गया था। इसके अतिरिक्त उस पर अन्य कई हत्याओं का शक था। वह पहले से ही आजीवन कारावास की सजा काट रहा था लेकिन साल 1981 में उसने अपने साथी कैदी डेविड जेन्सेन को बैटरी से भरे मोजे से पीट-पीटकर मार डाला था। जेन्सेन एक विकलांग था और चोरी के आरोप में जेल में था।
ओहायो के मूल निवासी क्रीच ने अपने जीवन का अधिकांश समय इडाहो में सलाखों के पीछे बिताया है। 1974 में जॉन वेन ब्रैडफोर्ड और एडवर्ड थॉमस अर्नोल्ड नाम के चित्रकारों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इससे पहले जनवरी में केनेथ स्मिथ को नाइट्रोजन गैस के जरिए मौत की सजा दी गई थी। केनेथ को नवंबर 2022 में जहर का इंजेक्शन देकर मौत की सजा देने की कोशिश हुई थी मगर वह बच निकला था। उस वक्त भी केनेथ की नस मेडिकल टीम तलाश नहीं पाई थी। बाद में केनेथ को नाइट्रोजन सुंघाकर मार डाला गया। ऐसा पहली बार हुआ था जब अमेरिका में किसी को नाइट्रोजन सुंघाकर मौत की सज दी गई।












Click it and Unblock the Notifications