लंदन में हर 10वें व्यक्ति को कोरोना संक्रमण! आधिकारिक आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
लंदन, 24 दिसंबर: नए सरकारी अनुमानों के मुताबिक लंदन में पिछले रविवार को हर 10 में से 1 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हो चुका था, ऐसी आशंका जताई गई है। यह आंकड़ा यह दिखा रहा है कि यह शहर किस तरह से कोविड के नए ओमिक्रॉन वेरिएंट की चपेट में आ चुका है। नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (ओएनएस) के रोजाना के मॉडल पर तैयार अनुमानों से पता चलता है कि रविवार को लंदन के 9.5% निवासीयों को कोविड-19 था और 95% विश्वास है कि यह संक्रमण 8.43% से 10.69% के बीच में था। इस बीच एक्सपर्ट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर सार्वजनिक सूचना के लिए उपलब्ध ऐप पर लक्षणों को अपडेट करने की भी मांग कर रहे हैं।

लंदन में 10 में से 1 व्यक्ति को कोरोना संक्रमण हुआ
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक लंदन में प्रत्येक 10 में से एक व्यक्ति के कोविड संक्रमित होने की सामने आई है। यह आंकड़ा ऐसे समय पर आया है, जब एक दिन पहले पूरे ब्रिटेन में कोरोना वायरस के नए मामलों में रिकॉर्ड उछाल दर्ज किया गया था और एक दिन पहले के 1,06,122 संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 1,19,789 पहुंच गया था। यह हालात ऐसे वक्त में है, जब पूरे देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट फैल चुका है और संक्रमण का रिकॉर्ड टूटता जा रहा है। ओएनएस की रिपोर्ट से पता चलता है कि दिसंबर 13 से 19 के बीच इंग्लैंड में 35 में से 1 शख्स को कोविड था। लेकिन, गुरुवार को जारी हुए अनुमानों के मुताबिक 16 दिसंबर तक वाले हफ्ते में 45 में से 1 व्यक्ति कोरोना पीड़ित था।

उद्योग और ट्रांसपोर्ट में स्टाफ की किल्लत
ब्रिटेन में हालात ये हो गए हैं कि कई उद्योग और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क स्टाफ की किल्लत झेल रहे हैं, क्योंकि बीमार कर्मचारियों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। जबकि, ब्रिटेन के अस्पतालों ने मरीजों की सुरक्षा के जोखिम को लेकर चेतावनी दे दी है। गुरुवार के सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि ओमिक्रॉन के तेजी से फैलने के चलते ब्रिटेन में पिछले सात दिनों में संक्रमण में 6,78,165 बढ़ोतरी हो गई है। उधर प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार मौजूदा कोविड संक्रमण का अर्थव्यवस्था पर प्रभाव कम करने के लिए अलग संघर्ष कर रही है। इसके लिए इसने बुधवार को इंग्लैंड में सेल्फ-आइसोलेशन की कानूनी मियाद 10 दिनों से घटाकर 7 दिन कर दिया है।

सार्वजनिक ऐप पर लक्षणों को अपडेट करने की मांग
उधर द गार्डियन अखबार की एक रिपोर्ट के अनुसार ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए लक्षणों को लेकर यूके में सरकार से सार्वजनिक स्वास्थ्य संदेशों में इसे अपडेट करने की मांग शुरू हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 'जो कोविड ऐप' के ज्यादातर यूजर ने जो इसके सामान्य लक्षण बताए हैं, उसमें नाक से पानी आना, सिरदर्द, थकान, छींक और गले में खराश होना है और लंदन के कंफर्म मामलों के विश्लेषण के आधार पर इसकी पुष्टि की गई है। सर्दी-जुकाम के लक्षणों में से आधे की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें डेल्टा या ओमिक्रॉन संक्रमण में कोई स्पष्ट अंतर नहीं दिखता। हालांकि, आधे संक्रमित यूजर्स ने 'मूल तीन लक्षणों को दर्ज किया है, बुखार, खांसी या गंध या स्वाद का पता नहीं चलना'

सामान्य सर्दी-जुकाम भी कोविड का लक्षण
लंदन के किंग्स कॉलेज के जेनेटिक एपिडेमियोलॉजी के प्रोफेसर स्पेक्टर ने कहा है, 'ओमिक्रॉन पोजिटिव केस के मामले में ज्यादातर लोग सर्दी-जुकाम महसूस करेंगे, गले में खराश से शुरू होकर, नाक से पानी आना और सिरदर्द।' उन्होंने कहा कि 'जान बचाने के लिए हमें सार्वजनिक संदेशों को तत्काल बदलने की जरूरत है, क्योंकि सर्दी-जुकाम वाले आधे लोगों को अब कोविड हो रहा है।'(अंतिम तस्वीर- 28 नवंबर,2021 की है)












Click it and Unblock the Notifications