Twitter Deal: ट्विटर खरीदने के लिए एलन मस्क ने कैसे जुटाए पैसे, किसने दिया कर्ज और कौन बने हिस्सेदार?
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर को ट्विटर का अधिग्रहण पूरा कर लिया। 44 अरब डॉलर की इस डील को पूरा करने के लिए पैसे जुटाने के लिए मस्क को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। उनकी इस डील में कई निवेशकों ने पैसा लगाया है और बैंकों से भी बड़ा
एलन मस्क ने 44 बिलियन डॉलर के ट्विटर सौदे को बीते गुरुवार यानी 27 अक्टूबर को अंतिम रूप दे दिया है। ट्विटर डील पूरी होते ही एलन मस्क सिंक लेकर ट्विटर ऑफिस पहुंच गए। इस घटना को मस्क ने ट्विटर पर भी शेयर किया है और कैप्शन में लिखा है- इंटरिंग ट्विटर हेडक्वार्टर- लेट दैट सिंक इन। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि दुनिया के सबसे रईस शख्स को भी ट्विटर खरीदने के लिए बैंक से लोन लेना पड़ा है। इसके अलावा भी एलन मस्क ने कई अलग-अलग स्रोतों से पैसे जुटाए हैं और दुनिया के कई बड़े निवेशकों को अपने साथ जोड़ा है।

एलन मस्क ने अधिकतर भुगतान कैश में किया
एलन मस्क शुरुआती दौर में ट्विटर में सिर्फ 15 अरब डॉलर का ही निवेश करना चाहते थे। इस काम में उनकी मदद टेस्ला कर रही थी, जो मस्क के हिस्सेदारी वाले 12.5 अरब डॉलर के शेयर पर लोन लेने वाली थी। हालांकि, बाद में एलन मस्क ने टेस्ला के शेयरों पर कर्ज लेने का प्लान टाल दिया और अधिकतर भुगतान कैश में करने की बात कही। इसके बाद मस्क ने टेस्ला में अपनी हिस्सेदारी वाले 15.5 अरब डॉलर के शेयर दो हिस्सों में बेच दिए। इसमें से मस्क ने आधा हिस्सा अप्रैल में और आधा अगस्त में बेचा।

लैरी एलिसन ने भी ट्विटर में किया निवेश
ट्विटर डील में एलन मस्क के साथ लैरी एलिसन ने निवेश संगठनों और अन्य बड़े फंड से 5.2 बिलियन डॉलर का निवेश किया। इसके अलावा लैरी ने अलग से 1 अरब डॉलर का एडवांस चेक एलन मस्क को दिया। लैरी एलिसन एक सॉफ्टवेर व्यवसाय ऑरेकल के सह-संस्थापक हैं। इसके साथ ही कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जो कतर सॉवरेन वेल्थ फंड को नियंत्रित करती है, इसने भी मस्क की ट्विटर डील में पैसे लगाए हैं। इसके अलावा सऊदी अरब के प्रिंस अल्वालीद बिन तलाल ने 3.5 करोड़ शेयर पहले से ट्विटर में खरीदे हुए थे। उन्होंने अपने सारे शेयर मस्क को ट्रांसफर कर दिए हैं, जिसके एवज में उन्हें ट्विटर के शेयर मिलेंगे।

13 अरब डॉलर जुटाने के लिए एलन मस्क ने लिया लोन
इतना सब करने के बाद एलन मस्क ट्विटर खरीदने के लिए 31 बिलियन डॉलर ही इकट्ठा कर पाए। बाकी बचे 13 अरब डॉलर जुटाने के लिए एलन मस्क ने बैंकों का रूख किया। इन बैंकों में मॉर्गन स्टेनली, बैंक ऑफ अमेरिका, मित्सुबिशी यूएफजे फाइनेंशियल कॉर्प, मिझुहो, बार्कलेज, सोसाइटी जनरल और फ्रांस का बीपीएन परिबास शामिल हैं। मॉर्गन स्टेनली अकेले ही मस्क को 3.5 अरब डॉलर का कर्ज दे रहा है। खास बात ये है कि इन सभी बैंक कर्ज की गारंटी सिर्फ मस्क के पास नहीं होगी, बल्कि ट्विटर भी इसकी गारंटी लेगी। इसके अलावा कर्ज चुकाने का जिम्मा भी ट्विटर पर होगा और किसी तरह का विवाद भी वही निपटारा करेगी।

एलन मस्क के पास 220 बिलियन डॉलर की संपत्ति
द. अफ्रीका में जन्में एलन मस्क की अनुमानित कुल संपत्ति 220 बिलियन डॉलर है। यह ध्यान रखना जरूरी है कि एलन मस्क के पास पहले से ही ट्विटर के 9.6 फीसदी शेयर हैं। इसके साथ सबसे आशचर्यजनक बात ये ही कि ट्विटर ने साल 2022 की पहली छमाही में कुछ भी मुनाफा नहीं कमाया है, बल्कि यह कंपनी नुकसान में ही रही है। इसे देखने हुए मस्क ने ट्विटर के विज्ञापन को लेकर नियम बदलने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications