भारत का UNSC का स्थायी सदस्य नहीं होना बेतुका, एलन मस्क ने शक्तिशाली देशों की नीयत पर उठाए सवाल
Elon Musk India UNSC: टेस्ला के सीईओ और दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत को स्थायी सीट नहीं मिलने को 'बेतुका' बताया है और कहा है, कि जिन देशों के पास जरूरत से ज्यादा शक्ति है, वे इसे छोड़ना नहीं चाहते हैं।
एलन मस्क ने भारत के अभी तक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का सदस्य नहीं होने पर हैरानी जताई है। आपको बता दें, कि यूएनएससी में पांच सदस्य हैं, जिनके नाम अमेरिका, चीन, रूस, फ्रांस और ब्रिटेन हैं।

भारत के लिए एलन मस्क की मांग
इस चर्चा को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शुरू किया था, जिन्होंने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में किसी भी अफ्रीकी राष्ट्र की अनुपस्थिति के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की थी।
गुटेरेस ने अपनी निराशा व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया और सवाल उठाया, कि अफ्रीका के लिए सुरक्षा परिषद में अभी भी एक भी स्थायी सदस्य का अभाव होना कैसे संभव है। उन्होंने 80 साल पहले की दुनिया के बजाय आज की दुनिया की वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने वाले संस्थानों की आवश्यकता पर जोर दिया।
गुटेरेस के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, अमेरिकी मूल के इजरायली उद्यम पूंजीपति माइकल ईसेनबर्ग ने भारत के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया, कि स्थायी सदस्यता के लिए भारत के नाम पर विचार क्यों नहीं किया जा रहा है? ईसेनबर्ग ने संयुक्त राष्ट्र को ख़त्म करने और मजबूत नेतृत्व के साथ एक नए संगठन के निर्माण का सुझाव दिया।
ईसेनबर्ग के ट्वीट का जवाब देते हुए एलन मस्क ने कहा, "पृथ्वी पर सबसे ज्यादा आबादी वाला देश होने के बावजूद भारत को सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट नहीं मिलना बेतुका है।"
आपको बता दें, कि भारत सालों से यूनाइटेड नेशंस सिक्योरिटी काउंसिल में स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है, लेकिन चीन की वजह से भारत को स्थायी सदस्यता नहीं मिल रही है। यूएनएससी के बाकी चारों देश भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करते हैं, लेकिन चीन बार बार वीटो लगा देता है। हालांकि, अमेरिका का समर्थन भी शर्तों के साथ रहा है। अमेरिका इस शर्त पर भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करता है, कि भारत यूएनएससी का स्थायी सदस्य तो होगा, लेकिन फिलहाल भारत के पास वीटो पावर नहीं होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications