'फिएट करेंसी के दिन बहुत कम', एल सल्वाडोर के राष्ट्रपति ने बताया- बिटकॉइन कैसे करेगी राज?
एल सल्वाडोर, 25 दिसम्बर। बिटकॉइन के बड़े समर्थक एल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले ने कहा है कि फिएट करेंसी का खेल जल्द ही खत्म हो जाएगा। एक ट्वीट में नायब बुकेले ने कहा कि बिटकॉइन एक क्रांति है जिसे दुनिया देख रही है और फिएट करेंसी के दिन अब बहुत कम बचे हैं।

एल सल्वाडोर के राष्ट्रपति ने हालिया ट्वीट में उन लोगों पर निशाना साधा है जो बिटकॉइन को लीगल टेंडर घोषित करने पर उनकी आलोचना कर रहे हैं।
बुकेले ने ट्वीट किया "जिसे अंतरराष्ट्रीय संगठन बिटकॉइन प्रयोग कह रहे हैं वह इसके सिवा कुछ नहीं है कि दुनिया के देखते ही देखते कैसे बड़े पैमाने पर अपनाने से एक देश की अर्थव्यवस्था बदल जाती है। अगर यह अच्छे के लिए है तो फिएट (करेंसी) के लिए खेल खत्म हो गया है।" उन्होंने आगे कहा एल सल्वाडोर वह चिंगारी है जो इस वास्तविक क्रांति का प्रज्वलित कर रही है।
इसी साल 7 सितम्बर को एल सल्वाडोर ने बिटकॉइन को वैध करेंसी के रूप में मान्यता दे दी है। ऐसा करना वाला एल सल्वाडोर पहला देश है। लेकिन इसके साथ ही एल सल्वाडोर के इस कदम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना भी हुई है। आलोचना करने वाली संस्थाओं में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) प्रमुख है जिसने एल सल्वाडोर को बिटकॉइन को लीगल टेंडर न बनाने को लेकर आगाह करते हुए क्रिप्टोकरेंसी की अस्थिरता जैसे खतरों पर विचार करने को कहा है।
बिटकॉइन शहर बनाने की घोषणा
हालांकि बिटकॉइन को लेकर हो रही आलोचनाओं को नायब बुकेले ने पीछे छोड़ते हुए बीते नवंबर में देश में पहली बिटकॉइन सिटी बनाने की घोषणा की थी। बुकेले ने बताया था कि इसके लिए बिटकॉइन बॉण्ड के जरिए पैसे जुटाए जाएंगे। यह शहर कई मायनों में अलग होगा। इसे फॉन्सेका खाड़ी में ज्वालामुखी के पास बसाया जाएगा और ज्वालामुखी के जरिए ही शहर को ऊर्जा की सप्लाई की जाएगी।
क्या है फिएट करेंसी?
फिएट करेंसी उन मुद्राओं को कहा जाता है जो बाजार में प्रचलन हैं। यानि कि जिसे आप जेब में रखकर जा सकते हैं और खरीदारी कर सकते हैं, जैसे भारत में रुपया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर फिएट करेंसी के सबसे बढ़िया उदाहरण हैं। इसी तरह से विभिन्न देशों में प्रचलित मुद्राएं भी फिएट करेंसी हैं।
बता दें कि मध्य अमेरिकी देश एल सल्वाडोर की अपनी कोई अलग करेंसी नहीं है और यह अभी तक अमेरिकी डॉलर को ही मुद्रा के रूप में इस्तेमाल करता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications