8 साल की बच्ची ने पिंजरे से उड़ाए पक्षी, पाकिस्तान में मिली ये खौफनाक सजा
इस्लामाबाद। पाकिस्तान से 8 साल की बच्ची की मौत का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक पाकिस्तानी बिजनेसमैन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इनपर आरोप है कि इन्होंने अपने घर में काम करने वाली 8 साल की बच्ची की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। इस बच्ची ने तोतों को खाना खिलाने के लिए अंजाने में पिंजरा खोल दिया था, जिसके बाद ये पक्षी उड़ गए। ये जानकारी न्यू यॉर्क टाइम्स ने एक अधिकारी के हवाले से कही है।

लड़की को काम पर रखा था
रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी में एक लोकल पुलिस चीफ अहमद नवाज ने कहा, एक व्यक्ति ने प्रति महीने तीन हजार रुपये के तौर पर एक लड़की को काम पर रखा था। रविवार को जब पिंजरे से तोते उड़ गए तो उसने अपनी पत्नी से साथ मिलकर उस लड़की की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शख्स की पहचान हसन सिद्दीकी के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि बच्ची के घायल होने के बाद आरोपी उसे अस्पताल भी लेकर गया था लेकिन जब उसकी (बच्ची) मौत हो गई, तो ये भाग गए।

पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग
इस मामले से पुलिस भी हैरान है और घटना की जांच की जा रही है। बच्ची की मौत की खबर से सोशल मीडिया पर लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। आम आदमी से लेकर राजनेता और मानव अधिकार कार्यकर्ता तक पीड़िता को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं। पाकिस्तान की मानवाधिकार मंत्री शिरेन मजारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर जानकारी भी दी कि इस दंपति को कस्टडी में ले लिया गया है।

आरोपियों को रिहा नहीं किया गया है
आरोपी कोर्ट के सामने पेश हुए हैं और इन्हें रिहा नहीं किया गया है। जांचकर्ताओं का कहना है कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहे हैं। इन्हें इस बात का भी शक है कि बच्ची का यौन शोषण भी हुआ था। पाकिस्तान में छोटे बच्चों से काम करवाना कानून का उल्लंघन है लेकिन फिर भी यहां घरों, फैक्ट्रियों और दुकानों में इनसे काम करवाया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि इन बच्चों का शोषण भी होता है। रावपिंडी में जिस 8 साल की बच्ची की मौत हुई है, वह दक्षिणी पंजाब प्रांत के एक गांव की थी। उसके परिवार को उसका शव सौंप दिया गया है।
गीतकार जावेद अख्तर को मिला प्रसिद्ध रिचर्ड डॉकिंस अवार्ड, बॉलीवुड सितारों ने दी बधाई












Click it and Unblock the Notifications