Iran Israel War: सीजफायर तोड़ने पर ट्रंप भड़के, नेतन्याहू से कहा- ईरान पर हमला मत करो, इज़राइल नहीं माना!
ईरान और इज़राइल के बीच हुए सीजफायर को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर ईरान पर हमला न करने की सलाह दी थी। लेकिन नेतन्याहू ने कहा कि हमला नहीं टाला जा सकता क्योंकि ईरान ने पहले सीजफायर का उल्लंघन किया।
Axios के रिपोर्टर ने एक इज़रायली अधिकारी के हवाले से बताया कि नेतन्याहू ने ट्रंप को यह साफ कर दिया कि हमला बहुत सीमित होगा और केवल एक टारगेट पर किया जाएगा।

इस बीच, ट्रंप की नाराज़गी खुलकर सामने आई है। यूरोप में नाटो समिट के लिए रवाना होने से पहले ट्रंप ने मीडिया से बात करते हुए सीजफायर के उल्लंघन पर गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने इज़राइल और ईरान-दोनों को लताड़ा, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार उनका गुस्सा नेतन्याहू पर कुछ ज़्यादा ही था।
ट्रंप ने सोमवार को नेतन्याहू से सीजफायर पर समर्थन मांगा था और क़तर की मदद से ईरान की सहमति भी ली थी।
दूसरी तरफ, ईरान में सीजफायर को जीत की तरह पेश किया जा रहा है। ईरानी उपराष्ट्रपति मोहम्मद रेजा अरेफ़ ने कहा कि ईरान ने अमेरिका और पश्चिम को क्षेत्र में "नीचा दिखा दिया"।
ईरानी संसद प्रमुख के सहयोगी महदी मोहम्मदी ने इसे "ऐतिहासिक जीत" बताया और कहा कि एक नया युग शुरू हो चुका है। ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता बेहरूज़ कमालवंदी ने कहा कि किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए-ईरान के परमाणु कार्यक्रम को कोई नहीं रोक सकता।
ईरान की न्यूज एजेंसी के मुताबिक तेहरान के उत्तरी इलाके में मंगलवार शाम दो बड़े धमाकों की आवाज़ सुनी गई है। ये धमाके ट्रंप के सीजफायर के ऐलान के बाद हो रहे हैं। ये बताता है कि इजरायल की तरफ से युद्ध अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं है। इजराइल के इस कदम से युद्ध विराम की कोशिशों पर पानी फिर सकता है। इसी बात को लेकर ट्रंप इजरायल से बुरी तरह खफा हैं।












Click it and Unblock the Notifications