ट्रंप का नया वीडियो, अब कर रहे 14 वर्ष की बच्ची को डेट करने की बात
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों की दौड़ में रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप का एक और वीडियो सामने आया है। ट्रंप का यह वीडियो वर्ष 1992 का है और इस वीडियो में वह एक 14 वर्ष की बच्ची के बारे में बात कर रहे हैं। ट्रंप कह रहे हैं कि वह इस लड़की को अगले 10 वर्षों में डेट करेंगे।
हाल ही में आया है एक और वीडियो
ट्रंप का यह वीडियो वर्ष 2005 के उनके उस वीडियो के ठीक तुरंत बाद आया है जिसमें वह महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सीबीएस न्यूज के पास है।
वर्ष 1992 का जो वीडियो आया है उसे ट्रंप टॉवर में शूट किया गया है। वीडियो 'एंटरटेनमेंट टूनाइट' का है और इसे क्रिसमस के मौके पर शूट किया गया है। ट्रंप एक लड़की से पूछते नजर आ रहे हैं कि क्या वह लड़की एस्कलेटर की ओर जा रही है।
क्या है इस वीडियो में
जब लड़की हां में जवाब देती है और ट्रंप कैमरे की ओर मुड़ते हैं। ट्रंप कहते हैं, 'मैं इस लड़की को अगले 10 वर्ष के अंदर डेट करुंगा। क्या आप इस पर भरोसा कर सकते हैं?'
ट्रंप पर पिछले दिनों पांच महिलाओं ने सेक्सुअल असॉल्ट और हैरेसमेंट का आरोप लगाया है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनावों को अब चार हफ्तों से भी कम का समय बचा है। आठ नवंबर को अमेरिका में आम चुनाव होने वाले हैं।
क्या कहा मिशेल ओबामा ने
पांच में से एक महिला ने ट्रंप पर गलत तरीके से उन्हें छूने का आरोप लगाया था। अमेरिकी की फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा ने भी ट्रंप की महिलाओं के प्रति सोच को लेकर आलोचना की है।
मिशेल ने कहा है कि वह इस पर सोचना बंद नहीं कर सकती हैं। इस मुद्दे ने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया है। मिशेल की मानें तो उन्होंने जिस तरह से नहीं सोचा था, सबकुछ उससे कहीं आगे जाकर हुआ है।
मिशेल के मुताबिक राष्ट्रपति पद के एक उम्मीदवार को इस बात पर गर्व है कि उन्होंने महिलाओं को यौन रूप से प्रताड़ित किया है।
मिशेल की मानें तो इस बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। यह सिर्फ एक चुनावी मुद्दा नहीं है जिसके बारे में बात न की जाए। यह काफी अफसोस की बात है कि चुनावों के समय में इस बारे में बातें हो रही हैं।