अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति रहे डोनाल्ड ट्रंप, बाइडेन और बराक ओबामा की क्या रही रैंकिंग?
5 नवंबर को अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहा है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से राष्ट्रपति पद के लिए दावा ठोक दिया है। जो बाइडेन की खराब पॉपुलैरिटी की वजह से एक बार फिर से उन्हें राष्ट्रपति पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
हालांकि, इस बीच एक सर्वे सामने आया है जिसमें अमेरिकी के अब तक के सभी 45 राष्ट्रपतियों में डोनाल्ड ट्रंप को सबसे खराब बताया गया है। वह इस सूची में सबसे अंतिम स्थान पर हैं। वहीं, डो बाइडेन की रैंकिंग औसत से अच्छी मानी गई है। उन्हें 14वें नंबर पर रखा गया है।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने फैसलों और बयान को लेकर पूरे कार्यकाल में विवादों में रहे। शरणार्थियों का मसला हो या ईरान से परमाणु समझौता को रद्द करना अथवा कोरोना महामारी से निपटने का तौर-तरीका, हर मोर्चे पर ट्रंप को आलोचना झेलनी पड़ी। आखिरी समय में जब उनका कार्यकाल पूरा हुआ तो वह अपनी हार मानने तक के लिए तैयार नहीं हुए। उस दौरान उनके समर्थकों ने अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में जमकर बवाल काटा।
सर्वे में डोनाल्ड ट्रंप यहां तक कि उन लोगों से भी पीछे रहे, जो गृहयुद्ध को रोकने या उस हालात से उभारने में असफल रहे थे। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य राष्ट्रपति की महानता की संपूर्ण रैंकिंग प्रदान करना है, यह कार्य पहले वॉन और रोटिंगहॉस द्वारा 2015 और 2018 में किया गया था।
आपको बता दें कि राजनीतिक वैज्ञानिकों जस्टिन वॉन और ब्रैंडन रोटिंगहॉस द्वारा किए गए एक व्यापक सर्वेक्षण में, मुख्य रूप से अमेरिकन पॉलिटिकल साइंस एसोसिएशन से जुड़े 154 विद्वानों को जॉर्ज वाशिंगटन से लेकर जो बाइडेन तक सभी अमेरिकी राष्ट्रपतियों की महानता का मूल्यांकन करने का काम सौंपा गया था।
उत्तरदाताओं को प्रत्येक राष्ट्रपति को 0 से 100 के पैमाने पर रेटिंग देने के लिए कहा गया था, जो उनकी समग्र महानता का प्रतिनिधित्व करता हो। 0 का स्कोर विफलता को दर्शाता है, 50 औसत रेटिंग को दर्शाता है, और 100 महानता को दर्शाता है। फिर प्रत्येक राष्ट्रपति के लिए औसत स्कोर की गणना की गई, जिसके परिणामस्वरूप उच्चतम से निम्नतम तक एक व्यापक रैंकिंग प्राप्त हुई।
इस साल की सर्वे में शीर्ष स्थान पर कुछ खास बदलाव नहीं देखा गया। सूची में सिर्फ एक बड़ा बदलाव था वो ट्रंप। सूची में सबसे पहले स्थान पर अब्राहम लिंकन रहे। उन्होंने देश में दासता को समाप्त किया। इतना ही नहीं गृह युद्ध के दौरान देश का नेतृत्व किया था। वहीं, दूसरे स्थान पर फ्रैंकलिन रूजवेल्ट थे, जिन्होंने ग्रेट डिप्ररेशन यानी महामंदी और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका का मार्गदर्शन किया था।
अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन तीसरे स्थान पर रहे। उनके नेतृत्व में ही अमेरिका ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता हासिल की थी। सूची में अगले तीन स्थान पर टेडी रूजवेल्ट, थॉमस जेफरसन और हैरी ट्रूमैन थे। बराक ओबामा इस साल 9 पायदान उपर उठकर सात नंबर पर पहुंच गए।
इसके अलावा लोकप्रिय डेमोक्रेटिक राष्ट्रपतियों में बिल क्लिंटन 12वें नंबर और जिमी कार्टर 22वें स्थान पर रहे। आश्चर्यजनक रूप से इस रैंकिग में डेमोक्रेटिक राष्ट्रपतियों की स्थिति में सुधार हुआ है वहीं, रिपब्लिकन राष्ट्रपति पीछे ढकेल दिए गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications