वाह रे ट्रंप! शाहबाज शरीफ को पीछे खड़ा कर PM मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे, बेमन हंसते नजर आए पाक PM
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति का नोबेल पुरस्कार नहीं मिला, फिर भी वह अपनी इस दावेदारी से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। मिस्र के शर्म अल-शेख में आयोजित गाजा शांति शिखर सम्मेलन में ट्रंप एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने का श्रेय लेते नजर आए।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में, ट्रंप ने यह उम्मीद जताई कि दोनों पड़ोसी देश 'बहुत अच्छे से एक साथ रहेंगे।' इस दौरान, शहबाज शरीफ ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप को भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध को टालने का श्रेय दिया।

ट्रंप ने शर्म अल-शेख में मीडिया से बातचीत के दौरान कैमरों की ओर मुस्कुराते हुए कहा कि, 'भारत एक महान देश है जिसके टॉप पर मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त (पीएम मोदी) है। और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत बहुत अच्छे से साथ रहेंगे।'
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ शर्म अल-शेख में गाजा शांति शिखर सम्मेलन की सह-मेजबानी कर रहे ट्रंप ने पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व की भी प्रशंसा की और कहा कि क्षेत्रीय शांति 'अच्छे दोस्तों के अच्छे काम करने पर निर्भर करती है।'
अपने पीछे खड़े शहबाज शरीफ की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा, 'वह इसे संभव बनाने में मदद करेंगे, है ना?' ट्रंप के तुरंत बाद बोलने के लिए इनवाइट किए गए शरीफ ने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु संघर्ष को शांत करने के लिए सार्वजनिक रूप से उनका धन्यवाद किया।
'कोई भी यह बताने के लिए जीवित नहीं बचता'
शरीफ ने कहा कि, 'अगर यह सज्जन न होते तो कौन जानता कि- भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं। उन चार दिनों में अपनी अद्भुत टीम के साथ हस्तक्षेप न करते, तो युद्ध इतना बढ़ सकता था कि कोई भी यह बताने के लिए जीवित नहीं बचता कि क्या हुआ।"
इससे पहले भी, ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने का श्रेय लेने से नहीं चूके। इज़राइल में नेसेट को संबोधित करते हुए, उन्होंने इसे उन 'आठ संघर्षों' में शामिल किया, जिन्हें रोकने में उन्होंने मदद की थी।
10 मई को, ट्रंप ने घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता वाली वार्ता के बाद भारत और पाकिस्तान 'पूर्ण और तत्काल' युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। भारत का कहना है कि दोनों सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच सीधी बातचीत के माध्यम से शत्रुता समाप्त करने पर सहमति बनी थी।
गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भारत
गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया, जो ऑपरेशन सिंदूर के बाद ट्रंप से आधिकारिक तौर पर मिलने वाले पहले भारतीय मंत्री हैं। सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष दूत के रूप में उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications