डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग की मुलाकात 12 जून सुबह 9 बजे, तैयारियां अंतिम चरण में
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की मुलाकात 12 जून को सिंगापुर में होगी। यह मुलाकात भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे होगी। प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सिंगापुर में एक टीम इस बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है, जबतक दोनों नेताओं के बीच बैठक नहीं हो जाती है यह टीम सिंगापुर में ही रहेगी। उन्होंने कहा कि यह टीम बैठक से पहले उत्तर कोरिया पर हर रोज राष्ट्रीय सुरक्षा की जानकारी ले रही है।

सिंगापुर में दोनों नेताओं के बीच होने वाली बैठक के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस दौरान किम जोंग सिंगापुर के एक होटल में ठहरेंगे। जानकारी के अनुसार इस होटल का एक दिन का किराया छह हजार डॉलर यानि तकरीबन 4 लाख रुपए है। रिपोर्ट के अनुसार इस बैठक के 10 दिन पहले से ही किम जोंग के चीफ स्टॉफ किम चांग सन तैयारियों के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। यह होटल सिंगापुर की नदी के किनारे बना हुआ है और इसे सिंगापुर के सबसे बेहतरीन होटल में गिना जाता है।
आपको बता दें कि दोनों नेताओं के बीच बैठक की चर्चा पिछले काफी दिनों से है। इस बैठक के बारे में खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट करके जानकारी दी थी। जिसके बाद से दोनों देशों के नेताओं और शीर्ष अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है। दोनों देशों के राजनयिकों ने भी इस अहम बैठक से पहले एक दूसरे से बातचीत की है। उत्तर कोरिया के राजनयिक किम योंग चोल से डोनाल्ड ट्रंप ने मुलाकात की थी, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार आया है और बातचीत सकारात्मक रूप से चल रही है। यह पहला मौका है जब 2000 के बाद उत्तर कोरिया का कोई राजनयिक अमेरिका पहुंचा है।












Click it and Unblock the Notifications