प्रेसिडेंट डिबेट से पहले डोनाल्ड ट्रंप की चुनौती, जो बाइडेन कराएं ड्रग टेस्ट
वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन के बीच बयानबाजी लगातार जारी है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने मांग की है कि मंगलवार को दोनों के बीच होने वाली पहली डिबेट से पहले या डिबेट के बाद जो बाइडेन को अपना ड्रग टेस्ट कराना चाहिए। ट्रंप ने कहा कि मैं इस बात की पुरजोर तरीके से मांग करता हूं कि स्लीपी जो बाइडेन का डिबेट से पहले या डिबेट के बाद रात में ड्रग टेस्ट किया जाए।

ट्रंप ने कहा कि मैं भी अपना ड्रग टेस्ट कराने के लिए तैयार हूं। जिस तरह से उन्होंने डिबेड में के दौरान प्रदर्शन में रिकॉर्ड स्थापित किया है और बात को इतने हल्के ढंग से रखा है, ऐसा सिर्फ ड्रग लेने की वजह से ही हो सकता है। यूएस मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को दोनों ही उम्मीदवारों की टीम ने डिबेट को लेकर उनकी स्थिति को अंतिम रूप दिया है। इस डिबेट का संचालन फॉक्स न्यूज के रिपोर्टर क्रिस वैलेस करेंगे, इस दौरान दोनों ही उम्मीदवार पारंपरिक हैंडशेक करेंगे, लेकिन कोरोना के चलते इस डिबेट में बहुत ही कम दर्शक शामिल होंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अपने प्रचार अभियान और डिबेट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और वह पारदर्शिता को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। ट्रंप ने कहा कि मैंने बाइडेन के ड्रग टेस्ट की मांग इसलिए की है ताकि उनकी विसंगति के बारे में हर किसी को पता चल सके। हालांकि पहले की ही तरह ट्रंप ने अपने दावे का कोई सबूत नहीं दिया है। बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए नवंबर माह में चुनाव होना है। चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं और वह जो बाइडेन पर लगातार हमलावर हैं।












Click it and Unblock the Notifications