ट्रंप सरकार का बड़ा बयान, 1 नवंबर से कोरोना की वैक्सीन बांटने के लिए तैयार रहें अमेरिकी राज्य
ट्रंप प्रशासन की तरफ से एक बयान जारी करते हुए अमेरिकी राज्यों से कहा गया है कि वो 1 नवंबर से कोरोना वायरस की वैक्सीन के वितरण की तैयारी कर लें।
वाशिंगटन। लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच एकमात्र उम्मीद की किरण वैक्सीन के रूप में नजर आ रही है। दुनिया के कई दिग्गज देश इस समय वैक्सीन की खोज में लगे हुए हैं। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। दरअसल ट्रंप प्रशासन की तरफ से एक बयान जारी करते हुए अमेरिकी राज्यों से कहा गया है कि वो 1 नवंबर से कोरोना वायरस की वैक्सीन के वितरण की तैयारी कर लें। आपको बता दें कि अमेरिका में 3 नवंबर को राष्ट्रपति का चुनाव होना है।
Recommended Video

'परमिट के आवेदन पर जल्द से जल्द कार्यवाही करें'
डलास स्थित होलसेलर 'मैककेसन कॉर्प.' ने ट्रंप सरकार के साथ एक डील साइन की है और कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीन आ जाने के बाद कंपनी इसके वितरण केंद्र बनाने के लिए सरकार से परमिट हासिल करने के लिए आवेदन करेगी। वहीं, 27 अगस्त को लिखे गए एक पत्र में रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के निदेशक रॉबर्ट रेडफील्ड ने कहा है कि इस तरह के अर्जेंट पब्लिक हेल्थ प्रोग्राम के लिए परमिट हासिल करने में जो सामान्य समय लगता है, वो इसका लक्ष्य हासिल करने में एक रुकावट बन सकता है। रेडफील्ड ने कहा कि हम आपसे प्रार्थना करते हैं कि इन वितरण केंद्रों के परमिट के आवेदन पर जल्द से जल्द कार्यवाही कर हमारी मदद करें।

परमिट नियमों में छूट के विकल्प पर विचार
इसके साथ ही रॉबर्ट रेडफील्ड ने राज्यों से कहा, '1 नवंबर तक कोरोना वैक्सीन के वितरण का काम शुरू करने के लिए आप परमिट नियमों में छूट के विकल्प पर भी विचार करें।' अमेरिका के 'रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र' ने राज्यों को वैक्सीन रोलआउट प्लान संबंधी दस्तावेज भी भेज दिए हैं। अमेरिका राज्यों से कहा गया है कि वे इसे एक लाइसेंस्ड वैक्सीन या फिर आपातकालीन इस्तेमाल के अधिकार के तहत अप्रूवल दे सकते हैं।

पहली डोज के बाद दूसरी 'बूस्टर' डोज दी जाएगी
अमेरिका के 'रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र' की तरफ से राज्यों को भेजे गए दस्तावेजों में बताया गया है कि जिस व्यक्ति को वैक्सीन दी जाएगी, उसे पहली डोज के कुछ हफ्तों बाद एक दूसरी 'बूस्टर' डोज देने की जरूरत होगी। वैक्सीन की खरीद और इसका वितरण ट्रंप सरकार की तरफ से किया जाएगा और पहले से रजिस्टर्ड कोरोना वायरस वैक्सीन प्रदाताओं को यह बिना किसी कीमत के दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications