ट्रंप ने फिर से निक्की हेली को दी मात, तीन रिपब्लिकन कॉकस में बुरी तरह हराया, भारतवंशी नेता का अब क्या होगा?
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव से पहले हो रहे कॉकस इलेक्शन में शनिवार को एक साथ 3 राज्यों में अपनी आखिरी प्रतिद्वंदी निक्की हेली को मात दी। ट्रंप ने निक्की हेली को मिशिगन, इडाहो और मिसौरी में हराया।
ट्रंप ने शनिवार को मिशिगन में रिपब्लिकन कॉकस में आसानी से जीत हासिल कर ली। वहीं, मिसौरी में उन्होंने दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर को बुरी तरह से पछाड़ा और राज्य के सभी काउंटी कॉकस में जीत हासिल की।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, मिशिगन में ट्रंप ने नामांकन कॉकस में भाग लेते हुए सभी 13 जिलों में हेली को हराया। कुल मिलाकर, ट्रंप लगभग 98 फीसदी सपोर्ट के साथ 1,575 वोट वोटों से जीते, वहीं दूसरी तरफ हेली को केवल 36 वोट मिले। 1,600 से ज्यादा पार्टी के लोगों ने पश्चिमी मिशिगन शहर ग्रैंड रैपिड्स (Grand Rapids) में राष्ट्रपति कॉकस में भाग लिया था।
मिशिगन में शनिवार को हुए मुकाबले में ट्रंप की ऐसी जीत की उम्मीद नहीं की जा रही थी। दरअसल बीते कुछ समय से पार्टी में आंतरिक उथल-पुथल मची हुई है। मिशिगन की पूर्व रिपब्लिकन पार्टी अध्यक्ष क्रिस्टीना करामो के समर्थक पार्टी के सदस्यों के उस गुट के खिलाफ खड़े हो गए हैं, जिन्होंने 6 जनवरी को उन्हें बाहर करने के लिए वोट किया था। इसके बाद पीट होकेस्ट्रा को अध्यक्ष बनाया गया था।
मिसौरी में ट्रंप ने सभी 51 डेलीगेट्स का समर्थन हासिल किया। यहां पर निक्की हेली को एक भी डेलीगेट्स का समर्थन नहीं मिला। ट्रंप ने यहां पर 100 फीसदी मत हासिल किया। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने पश्चिमी राज्य इडाहो में रिपब्लिकन कॉकस भी आसानी से जीत लिया। इडाहो में ट्रंप को लगभग 85 फीसदी वोट मिले वहीं, निक्की हेली को सिर्फ 13 फीसदी मत मिले।
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप को 244 डेलिगेट्स का समर्थन मिल चुका है, जबकि निक्की हेली को सिर्फ 24 डेलिगेट्स ने ही अभी तक सपोर्ट किया। अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का टिकट हासिल करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को 1,215 डेलिगेट्स का समर्थन हासिल करना होगा। ऐसा माना जा रहा है कि मंगलवार को होने वाले सुपर ट्यूजडे के बाद निक्की हेली मुकाबले से बाहर हो जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications