अमेरिका में दिवाली: राष्ट्रीय छुट्टी की तरह मनेगा प्रकाश का पर्व, US कांग्रेस लाई दीपावली-डे बिल
न्यूयॉर्क। वैश्विक महाशक्ति अमेरिका में भी दिवाली पर राष्ट्रीय अवकाश हुआ करेगा। इसके लिए यूएस कांग्रेस में "दीवाली-डे बिल" पेश किया गया है, जिसे न्यूयॉर्क की सांसद कैरोलिन मैलोनी बुधवार को प्रतिनिधि सभा में लाईं। कैरोलिन मैलोनी ने कहा कि, मैं यह बिल (विधेयक) पेश करते हुए बहुत खुश और उत्साहित हूं। दिवाली प्रकाश का पर्व है। मैं मानती हूं कि, अमेरिका में भी इस दिन संघीय अवकाश होना चाहिए। यहां काफी समय से इसे संघीय अवकाश घोषित करने की मांग उठ रही है।'

अमेरिका का नेशनल हॉलीडे घोषित होगी दिवाली
दिवाली पर अमेरिका में संघीय अवकाश (नेशनल हॉलीडे) घोषित करने के लिए यूएस कांग्रेस में पेश किए गए बिल का भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति समेत कई दूसरे सांसदों ने समर्थन किया है। वहीं, अमेरिका में रह रहे हिंदू-अनुयायियों के बीच इस खबर से खुशी की लहर दौड़ गई है। हिंदू-अनुयायियों ने जल्द ही दिवाली को संघीय अवकाश के तौर पर घोषित होने की आशा जताई है। इस बारे में कैरोलिन की अगुवाई में वहां सांसदों ने घोषणा की कि दीपावली, जो कि रोशनी का त्योहार है, को अमेरिका में संघीय अवकाश घोषित करने के लिए प्रतिनिधि सभा में एक विधेयक पेश किया गया है। कैरोलिन ने एक कार्यक्रम में कहा, "कांग्रेसनल-इंडियन कॉकस के सदस्यों के साथ इस सप्ताह दीपावली दिवस अधिनियम को पेश करते हुए मैं बहुत खुश और बहुत उत्साहित हूं, जो दिवाली को एक नेशनल हॉलीडे के रूप में सामने ले आएगा।"

भारतीय मूल के सांसदों ने उठाई आवाज
बताते चलें कि, उक्त ऐतिहासिक विधेयक को लेकर भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस के राजा कृष्णमूर्ति सहित कई सांसदों द्वारा मांग की गई थी। कृष्णमूर्ति ने अमेरिकी कांग्रेस में दिवाली के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देते हुए एक प्रस्ताव भी पेश किया। वहीं, कैरोलिन ने कहा कि, इस साल दिवाली देश को कोरोना महामारी के अंधेरे से निकालने की हमारी निरंतर यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "मुझे आपके साथ अंधकार पर प्रकाश की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत और अज्ञानता पर ज्ञान की खोज का जश्न मनाते हुए बहुत गर्व हो रहा है जैसा कि हम हर दिन करते हैं। यह वास्तव में उचित है कि इस साल दिवाली हमारे देश को कोरोना के अंधेरे से बाहर निकलने की निरंतर यात्रा का प्रतीक है..लोगों पर पड़े महामारी के भयानक असर से निकलने में यह मददगार रहेगी।"

न्यूयॉर्क की सांसद कैरोलिन मैलोनी क्या बोलीं
कैरोलिन ने कहा, "दीवाली जैसे उत्सव हमारे देश के लिए खुशी का इजहार कराने, सीखने और प्रकाश के प्रति सजग होने के लिए हम सभी की इच्छा के मूल में बोलते हैं। दोस्तों....भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेताओं और मेरा मानना है कि इस भयानक महामारी के मद्देनजर खौफ के अंधेरे को हटाने के लिए दीवाली को एक संघीय अवकाश के रूप में मनाने के लिए बेहतर समय है, "

यह एक अच्छा दिन, क्योंकि प्रकाश का पर्व है
कैरोलिन का समर्थन करते हुए सीनियर कांग्रेस नेता व हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चीफ, ग्रेगरी मीक्स ने कहा, "यह पर्व कुछ ऐसा है जिसे अमेरिकी समाज में हम सभी के साथ साझा किया जाना चाहिए। यह एक अच्छा दिन है, क्योंकि हम अंधेरे पर प्रकाश की बात कर रहे हैं...और नया बिल यह इसी बारे में है, "
उन्होंने कहा कि, हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी इसका समर्थन करेगी। इस विधेयक की वकालत भी करेगी और इस पर आगे बढ़ेगी।

'दिवाली से ही तो दूर होता है अंधकार'
वहीं, भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस के राजा कृष्णमूर्ति ने कहा, "दीपावली की इस छुट्टी पर, हमें कहना चाहिए, वह प्रकाश बनो जो आप दुनिया में देखना चाहते हैं। अपने समुदाय में वह प्रकाश बनें... जो अंधकार को दूर करने के लिए आवश्यक है। यहां समुदाय में ऐसा प्रकाश बनो जो आशाहीन लोगों के लिए आशा लाता है। आइए हम सब वो प्रकाश बनें जो आखिर में, अंत तक मदद करे।"
कृष्णमूर्ति ने कहा, "भारतीय-अमेरिकियों के सेलिब्रेशन में प्रकाश का बहुत महत्व है..और दिवाली ऐसा ही पर्व है। इसीलिए दिवाली को राष्ट्रीय अवकाश होना जरूरी है।, "












Click it and Unblock the Notifications