गाजा पट्टी में चारों तरफ तबाही ही तबाही, इजराइल ने स्कूल को एयर स्ट्राइक में उड़ाया, क्या ये नरसंहार नहीं है?
Israel-Palestine conflict: राहत शिविर के बाद अब इजराइल ने गाजा पट्टी में यूनाइटेड नेशंस के एक स्कूल को एयरस्ट्राइक में उड़ा दिया है, जिसमें 32 फिलीस्तीनी मारे गये हैं और दर्जनों लोगों के घायल होने की रिपोर्ट है। रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि इजराइली सेना ने स्कूल पर भारी बमबारी की है।
अधिकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है, कि इजरायली सेना ने मध्य गाजा में संयुक्त राष्ट्र से जुड़े एक स्कूल पर बमबारी की है, जिसमें कम से कम 32 विस्थापित फिलीस्तीनी मारे गए हैं और दर्जनों अन्य घायल हो गए हैं।

इजरायली सेना ने पुष्टि की है कि उसने हवाई हमला किया है, जिसमें उसने कहा है, कि स्कूल के अंदर संचालित हमास के परिसर को निशाना बनाया गया है।
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा है, कि हमले से पहले नुकसान के रिस्क को कम करने के लिए कई कदम उठाए गये थे और खतरों को कम करने के लिए कई कोशिश की गईं थी, जिसमें एयर सर्विलांस और "अतिरिक्त सटीक खुफिया जानकारी" का उपयोग शामिल था।
गाजा पट्टी पर शासन करने वाले हमास ने इस भीषण हमले की निंदा करते हुए कहा है, कि गुरुवार सुबह को स्कूल को बमबारी में उड़ा दिया गया है और हमास ने इसे "भयानक नरसंहार" बताया है और कहा है, कि मारे गए और घायल हुए लोगों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
फिलिस्तीनी वफा समाचार एजेंसी ने मरने वालों की संख्या 32 बताई है।
वहीं, अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने कहा है, कि हमले में कम से कम 39 लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों को डर है कि संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि पीड़ितों को अभी भी अस्पताल लाया जा रहा है।
एजेंसी ने कहा है, कि हजारों विस्थापित फिलिस्तीनी नुसेरात शिविर के अल-सरदी स्कूल में शरण लिए हुए थे, जो फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसी (UNRWA) से जुड़ा हुआ है और उस पर एयरस्ट्राइक किया गया है। गाजा के सरकारी मीडिया कार्यालय के प्रवक्ता इस्माइल अल-थावाब्ता ने कहा, कि "बड़ी संख्या में मृत और घायल" मध्य गाजा के अल-अक्सा अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

हमले पर क्या बोला इजराइल?
इजराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट ने कहा है, कि गाजा में इजराइल के सैन्य हमले को हमास के साथ युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई की बातचीत को फिर से शुरू करने के लिए नहीं रोका जाएगा।
उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब मिस्र, कतर और अमेरिकी अधिकारियों को दोहा में गाजा युद्ध विराम वार्ता को फिर से शुरू करने के लिए मिलने की उम्मीद थी। ये बैठकें तीन चरणों के प्रस्ताव के बाद हो रही हैं - जिसे इजरायली योजना के रूप में जाना जाता है - जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पेश किया है, जिसमें बंधकों की रिहाई के साथ गाजा में "पूर्ण और संपूर्ण युद्ध विराम" भी शामिल होगा।
लेबनान सीमा पर तनाव
दूसरी तरफ, इजरायल-लेबनान सीमा पर भी तनाव काफी बढ़ गया है। ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजरायल में बुधवार शाम को हुए हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसमें कई लोग घायल हो गए। जिसपर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, कि अमेरिका, सीमा पर तनाव बढ़ने के जोखिम को लेकर "बेहद चिंतित" है।
90 प्रतिशत बच्चों को खाना नहीं
संयुक्त राष्ट्र की बाल एजेंसी की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा पट्टी में 10 में से 9 बच्चे गंभीर खाद्य संकट से जूझ रहे हैं और उन्हें खाना नहीं मिल रहा है। ज्यादातर बच्चों को दिन में एक ही बार, या दो से तीन दिन में एक बार खाना मिल पा रहा है।
यूनिसेफ ने बुधवार को एक बयान में कहा है, कि "गाजा पट्टी में महीनों से चल रही शत्रुता की वजह से मानवीय सहायता पर प्रतिबंधों के कारण खाद्य और स्वास्थ्य प्रणालियां ध्वस्त हो गई हैं, जिसके परिणामस्वरूप बच्चों और उनके परिवारों के लिए भयावह परिणाम सामने आ रहे हैं।"
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गाजा पट्टी में चल रही लड़ाई ने खेती की जमीन को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और भूख से पशुओं की भी मौत होने लगी है। बमबारी ने मछलियों से भरे तालाबों को नष्ट कर दिया है और अनाजों वाले गोदान भी अब बर्बाद हो चुके हैं। यूनिसेफ ने कहा, कि दिसंबर 2023 और अप्रैल 2024 के बीच एकत्र किए गए पांच दौर के डेटा ने "लगातार पाया" है, कि 10 में से नौ बच्चे प्रतिदिन खाना नहीं खा पा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications