Covid-19: अमेरिका में Pfizer के बाद अब Moderna Vaccine से भी एलर्जिक रिएक्शन
वाशिंगटन। Covid Vaccine Allergic Reaction: अमेरिका में फाइजर की कोविड वैक्सीन के बाद अब मॉडर्ना (Moderna) की वैक्सीन से भी एलर्जिक रिएक्शन की खबर सामने आई है। अमेरिका के बोस्टन में एक डॉक्टर में मॉडर्ना वैक्सीन लेने के बाद गंभीर एलर्जिक रिएक्शन देखने को मिले हैं। अमेरिका में इसी महीने से कोविड-19 के टीके लगाने शुरू किए गए हैं।
Recommended Video

अमेरिकी प्रशासन ने हाल ही में पहले 10 दिन के अंदर 10 लाख लोगों को पहली डोज देने की जानकारी दी थी। हालांकि प्रशासन ने ये भी माना था कि फाइजर की वैक्सीन में काफी लोगों में एलर्जिक रिएक्शन देखने को मिले हैं। इसके लिए नई गाइडलाइन भी जारी की गई थी। अब यह पहली बार है जब मॉडर्ना की वैक्सीन से भी रिएक्शन की जानकारी सामने आई है। मॉडर्ना की वैक्सीन से रिएक्शन की खबर न्यूयॉर्क टाइम्स ने प्रकाशित की है।
चक्कर आना, हार्ट बीट तेज होने जैसे लक्षण
बोस्टन मेडिकल सेंटर में तैनात डॉ. हुसैन सद्राजेह को वैक्सीन लेने के बाद गंभीर एलर्जिक रिएक्शन हुए। उन्हें चक्कर आने जैसा महसूस हुआ और उनके हृदय की धड़कन तेज हो गई।
बोस्टन मेडिकल सेंटर की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि डॉ. सद्राजेह को वैक्सीन लेने के बाद एलर्जिक रिएक्शन होना महसूस हुआ। उन्होंने खुद ही इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्हें आपातकालीन विभाग में ले जाया गया जहां उनका निरीक्षण कर उपचार किया गया। अब उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है और वे अच्छा महसूस कर रहे हैं।
पहली बार मॉडर्ना से रिएक्शन
ये पहली बार है जब मॉडर्ना वैक्सीन के बारे में एलर्जिक रिएक्शन की जानकारी सार्वजनिक हुई है। एक हफ्ते पहले ही ये वैक्सीन अमेरिका में लगाई जानी शुरू की गई है। शुरुआती चरण में वैक्सीन को फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स और बुजुर्ग लोगों को दिया जा रहा है जिनके कोरोना वायरस के जद में अधिक आने की आशंका है।
अमेरिका में कोविड-19 वैक्सीन में एलर्जिक रिएक्शन पर अमेरिका के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि एफडीए अभी तक मिले 5 तरह के एलर्जिक रिएक्शन के बारे में पड़ताल कर रहा है जो फाइजर/बॉयोएनटेक की वैक्सीन लेने के बाद हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications