5-11 साल के बच्चों की कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल को जल्द मंजूरी दे सकता है अमेरिका
5-11 साल के बच्चों की कोरोना वैक्सीन के इस्तेमाल को जल्द मंजूरी दे सकता है अमेरिका
नई दिल्ली, 11 सितंबर: अमेरिका 5 से 11 साल के बच्चों को दी जाने वाली फाइजर की कोरोना वायरस वैक्सीन को अगले महीने मंजूरी दे सकता है। यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) को पर्याप्त डाटा उपलब्ध कराने के आधार पर वैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मंजूरी मिलेगी। शीर्ष अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, फाइजर इंक की 5-11 वर्ष के आयु के बच्चों के लिए वैक्सीन को अक्टूबर के आखिर तक मंजूरी दी जा सकती है।

अगले महीने हो जाएगा फैसला
अगर फाइजर सितंबर के अंत तक अपना मंजूरी के लिए अपना आवेदन जमा कर देता है, और डेटा इसके इस्तेमाल के हक में आता है तो अक्टूबर तक इसको मंजूरी मिल जाएगी। फाइजर ने 5 से 11 साल के बच्चों की यह कोरोना वैक्सीन अपने जर्मन पार्टनर बायोएनटेक के साथ मिलकर बनाई है। यूरोपीय संघ को प्रस्ताव मिलने के तीन सप्ताह के भीतर एफडीए यह तय कर सकता है कि वैक्सीन 5-11 साल के बच्चों के लिए सुरक्षित है या नहीं। अमेरिका में स्कूल फिर से खुलने के साथ ही बच्चों में संक्रमण काफी बढ़ा है। ऐसे में बच्चों के लिए वैक्सीन पर फैसले का काफी इंतजार किया जा रहा है।

फाइजर को 12 साल से ज्यादा के लिए मिल चुकी मंजूरी
फाइजर की कोविड वैक्सीन को पहले ही अमेरिका और यूरोपीय संघ में 12 साल के अधिक उम्र की बच्चों को लगाने के लिए मंजूरी दी जा चुकी है। हालांकि, यह मंजूरी आपातकालीन उपयोग के लिए ही दी गई है। इसी कंपनी की वैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सबसे पहले अपनी मंजूरी दी थी।

चार देशों में किया ट्रायल
12 साल के अधिक उम्र की बच्चों को वैक्सीन की मंजूरी के बाद इस साल मई-जून में फाइजर ने अपने टीके का ट्रायल 12 साल के कम उम्र के बच्चों पर भी शुरू कर दिया था। फाइजर ने दुनिया के चार देशों, अमेरिका, फिनलैंड, पोलैंड और स्पेन में 4500 से अधिक बच्चों पर ट्रायल किया है। फाइजर के अलावा भी कई दवा कंपनियां बच्चों के लिए वैक्सीन तैयार करने पर काम कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications