प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते थे चीनी विदेश मंत्री, भारत ने प्यार से कहा, सॉरी, वो बहुत व्यस्त हैं
चीन अपनी बहुत बड़ी रणनीति पर काम कर रहा है और इसीलिए चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अचानक भारत का दौरा किया था।
नई दिल्ली, मार्च 26: गुरुवार को अचानक भारत दौरे पर आए चीन के विदेश मंत्री वांग यी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन भारतीय अधिकारियों ने बहुत विनम्रता से उन्हें मना कर दिया। इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों ने चीन के विदेश मंत्री वांग यी के पीएम मोदी से मिलने की इच्छा से इनकार कर दिया।

पीएम मोदी से मिलना चाहते थे चीनी एफएम
चीनी विदेश मंत्री वांग यी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के लिए बीजिंग से नई दिल्ली पहुंचे थे, लेकिन साउथ ब्लॉक ने विनम्रता के साथ उनके अनुरोध को मना कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों ने चीन के विदेश मंत्री को बताया कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को लखनऊ में रहेंगे, क्योंकि वो उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में व्यस्त रहेंगे। नई दिल्ली के अघोषित दौरे पर आए वांग यी दो साल से अधिक समय के बाद भारत दौरे पर आए थे। वांग यी गुरुवार शाम 7.45 बजे राजधानी दिल्ली पहुंचे थे और शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे भारत दौरा खत्म कर नेपाल चले गये।

पीएम मोदी से क्यों करना चाहते थे मुलाकात?
हालांकि, चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से क्यों मिलना चाहते थे, ये तो साफ नहीं हो पाया, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि, चीन चाहता है कि साल के अंत में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए पीएम मोदी चीन का दौरा करें, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शिरकत करेंगे। ब्रिक्स काफी अहम संगठन है, जिसमें भारत, चीन और रूस के अलावा पूर्वी अफ्रीका देश भी शामिल है और इस साल ब्रिक्स की मेजबानी चीन के पास है और चीन इस सम्मेलन को कामयाब कर अमेरिका को भी एक 'संदेश' देना चाहता है और अगर भारतीय प्रधानमंत्री इस सम्मेलन में नहीं जाते हैं, तो फिर चीन के लिए ये एक बड़ा झटका होगा, क्योंकि भारत ने पिछले हफ्ते ही 400 अरब डॉलर का एक्सपोर्ट लक्ष्य को पार किया है। लेकिन, विदेश नीति के जानकारों का कहना है कि, ब्रिक्स सम्मेलन के लिए पीएम मोदी का चीन जाना काफी मुश्किल है, क्योंकि चीन ने अभी तक लद्दाख में अपने सैनिकों को पीछे नहीं बुलाया है।

अजीत डोवाल को न्योता
सूत्रों ने कहा कि चीन ने भारत के सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को विशेष प्रतिनिधि के रूप में चीन आमंत्रित किया है। सूत्रों ने कहा कि, एनएसए ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, तत्काल मुद्दों को सफलतापूर्वक हल करने के बाद वह चीन की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, चीन ने भारत को अफगानिस्तान पर प्रस्तावित बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया, जो बीजिंग में बुलाई जा रही है, जिसमें पाकिस्तान के अलावा रूस भी शिरकत करने वाला है। भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि, "नहीं, उन्होंने (चीन) हमें आमंत्रित नहीं किया है।"












Click it and Unblock the Notifications