'भेड़ियों के साथ डांस करो', चीनी विदेश मंत्री का बयान वायरल, जानें क्या है वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी?
चीन के नये विदेश मंत्री क्विन गैंग ने चीन में वार्षिक संसदीय बैठक को संबोधित करते हुए 'वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी' को लेकर यह टिप्पणी की है। जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं, कि क्या चीन आक्रामकता का रास्ता नहीं छोड़ेगा?

Wolf Warrior diplomacy: चीन के सोशल मीडिया नेटवर्क पर चीनी विदेश मंत्री क्निन गैंग का एक संदेश काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो देश के डिप्लोमेट्स को 'भेड़ियों के धुन पर डांस करने' का निर्देश दे रहे हैं। चीन के नये विदेश मंत्री के वायरल बयान के बाद एक बार फिर से साबित हो गया है, कि चीन ने अपने 'वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी' को अभी तक छोड़ा नहीं है। चीनी विदेश मंत्री की जो टिप्पणी वायरल हो रही है, उसमें वो कहते गहैं, कि "वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी डिस्कोर्स ट्रैप" और "चीनी राजनयिकों को भेड़ियों के साथ नृत्य करना चाहिए", जो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है। ऐसे में सवाल ये उठ रहे हैं, कि आखिर 'वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी' क्या है? आइये जानते हैं।

चीन के नये विदेश मंत्री ने क्या कहा?
चीन के नये विदेश मंत्री क्विन गैंग ने चीन में वार्षिक संसदीय बैठक को संबोधित करते हुए 'वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी' को लेकर यह टिप्पणी की है। चीन की वार्षिक संसदीय बैठक दो सत्रों में आयोजित हो रही है और चीन की राजधानी बीजिंग के 'ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल' में इसकी शुरुआत हुई थी और 13 मार्च को ये सम्मेलन खत्म होने वाला है। इस सम्मेलन के जरिए चीन अपनी घरेलू राजनीति और इंटरनेशनल अफेयर्स के लिए रूपरेखा तैयार करता है, लिहाजा चीनी विदेश मंत्री का अपने डिप्लोमेट्स को लेकर दिया गया ये बयान काफी मायने रखता है। व्हाट्स ऑन वीबो में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) और चीनी पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस (सीपीपीसीपी) की वार्षिक बैठक ये एक प्रमुख राजनीतिक घटना है, जिसे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया काफी करीब से फॉलो करता है।

क्या सिर्फ अमेरिका को लेकर है ये बयान?
चीन के नए विदेश मंत्री क्विन किन गैंग ने इस कार्यक्रम में शिरकत की थी और चीन की विदेश नीति और चीन-अमेरिकी संबंधों के बारे में सवालों के जवाब देने के लिए क्विन गैंग ने 7 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्री ने कहा, कि "जब मैं अमेरिका में चीन का राजदूत बनकर गया, तो पश्चिमी मीडिया ने 'भेड़िया योद्धा' आया, नाम से हेडलाइंस दिया था। लेकिन, अब जब मैं अमेरिका से चीन का विदेश मंत्री बनकर लौटा हूं, तो उन्होंने मुझे इस नाम से बुलाना बंद कर दिया है, जैसे की मैंने कुछ खो दिया है।" आपको बता दें, कि क्विन गैंग साल 2021 से 2023 तक अमेरिका में चीन के राजदूत रहे और वांग यी के हटने के बाद उन्होंने चीनी विदेश मंत्रालय के प्रमुख के तौर पर नया कार्यभार संभाला है।

चीन का वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी क्या है?
पिछले कई सालों से चीन के वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी की चर्चा हो रही है, जिसका मतलब होता है, एक आक्रामक विदेश नीति। चीन की डिप्लोमेसी पिछले कुछ सालों से काफी आक्रामक रही है और शी जिनपिंग के कार्यकाल में ये चरम पर है। लेकिन, चीन के नये विदेश मंत्री क्विन गैंग का कहना है, कि "तथाकथित 'वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी' एक प्रवचन जाल है, और इसे बनाने वाले लोग या तो चीन को या फिर चीन की कूटनीति को नहीं समझते हैं। या तो वो तथ्यों की अवहेलना करते हैं, या फिर उनके कुछ छिपे हुए इरादे हैं"। उन्होंने कहा, कि "कन्फ्यूशियस ने 2,000 साल पहले कहा था, कि दया का बदला दया से दिया जाना चाहिए, और दुश्मनी का बदला न्याय से चुकाया जाना चाहिए। चीन की कूटनीति दया और परोपकार से भरी है, लेकिन जब भेड़िये हमारे रास्ते में आते हैं और हमला करते हैं, तो चीनी राजनयिकों को अपने देश की रक्षा के लिए भेड़ियों की धुन पर डांस करना चाहिए।"
Recommended Video


कब से शुरू हुई वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी?
साल 2020 के आसपास से, "वुल्फ वॉरियर डिप्लोमेसी" चीन की विदेशी कूटनीति की शैली के लिए पश्चिमी मीडिया का मूलमंत्र बन गया। ये नाम चीनी देशभक्ति एक्शन से भरी ब्लॉकबस्टर्स फिल्में "वुल्फ वॉरियर" और इसके सीक्वल "वुल्फ वॉरियर II" से लिया गया है। ये फिल्म चीन और सोशल मीडिया सनसनी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बन गई। इस फिल्म में दिखाया गया है, कि देश की विदेश नीति कितनी आक्रमक होनी चाहिए। वुल्फ वारियर-II फिल्म में, वू जिंग ने एक्टिंग की है और फिल्म में चीन के विशेष बल के सैनिक लेंग फेंग की कहानी है, जो अफ्रीका में गृहयुद्ध के दौरान चीनी नागरिकों की सहायता करते हुए 'क्रूर विदेशी भाड़े के सैनिकों' से लड़ते हैं। लिहाजा, 'वुल्फ वारियर डिप्लोमेसी' पश्चिमी मीडिया में चीन की डिप्लोमेसी की एक नई शैली का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक शब्द है।

राष्ट्रपति जिनपिंग का आक्रामक बयान
चीन के विदेश मंत्री का ये बयान उस वक्त आया है, जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रत्यक्ष शब्दों में अमेरिका की आलोचना की थी और साफ शब्दों में कहा था, कि अमेरिका ताइवान से पूरी तरह अलग रहे। शी जिनपिंग ने कहा था, कि चीन को रोकने के लिए अमेरिका और पश्चिमी देश काम कर रहे हैं। फाइनेंशियल टाइम्स के 2020 के एक लेख में बताया गया था, कि कैसे यह शब्द सीधे तौर पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के विचारों से जुड़ा है। लंदन में SOAS चाइना इंस्टीट्यूट के निदेशक स्टीव त्सांग के हवाले से कहा गया था, कि "शी जिनपिंग ने कई बार कहा है कि, चीनी अधिकारियों और राजनयिकों को चीन की गरिमा की रक्षा के लिए तलवारें खींच लेनी चाहिए।" उन्होंने कहा था, कि "वुल्फ वॉरियर सिर्फ शी जिनपिंग के हथियारों के आह्वान पर काम कर रहे हैं।" यानि, अब यह साफ है, कि चीन आने वाले सालों में भी इसी नीति पर काम करता रहेगा, लिहाजा भारत समेत पूरी दुनिया को सतर्क रहना होगा।












Click it and Unblock the Notifications