लॉकडाउन के दौरान सिर्फ एक कटोरी दलिया खाकर जिंदा लोग, चीन में सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा
चीन के शीआन शहर में दुनिया के सबसे सख्त लॉकडाउन के दौरान भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है और चीन की सरकार के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है।
बीजिंग, दिसंबर 31: चीन ने दुनिया का सबसे सख्त लॉकडाउन शीआन शहर में लगा रखा है और स्थिति ये है कि, शीआन शहर के लोग भूख से मरने पर मजबूर हो चुके हैं, लेकिन वो घर से बाहर कदम नहीं रख सकते हैं। शीआन शहर से आ रही रिपोर्ट के मुताबिक, शीआन शहर में रहने वाले एक नागरिक ने बताया कि, वो सिर्फ एक कटोरा खिचड़ी दिन भर में खाकर जिंदा हैं और उनकी हालत काफी खराब हो चुकी है। जबकि, दूसरी तरफ चीन की सरकार की तरफ से दावा किया जा रहा है कि, हर एक नागरिक तक पर्याप्त खाद्य आपूर्ति की जा रही है।

कैद में 1.3 करोड़ लोग
चीन के उत्तरी शहर शीआन में एक करोड़ 30 लाख लोग कैद भरी जिंदगी जी रहे हैं और पिछले साल दिनों से चीन की सरकार ने उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा सख्त लॉकडाउन में रखा हुआ है। वहीं, चीन की सरकार शून्य कोविड पॉलिसी पर काम कर रही है, लिहाजा सख्ती को और भी ज्यादा बढ़ाने के आदेश दिए गये हैं। चीन पिछले कई महीनों से कोरोना वायरस से जूझ रहा है और कोरोना वायरस कंट्रोल करने के लिए चीन के अलग अलग प्रांत में सख्ततम लॉकडाउन लगाए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शीआन शहर के लोग सोशल मीडिया पर भोजन की कमी की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन उनतक खाना नहीं पहुंच रहा है।

शीआन शहर का बहुत बुरा हाल
वहीं, चीन के कुछ अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि, आवश्यक खाद्य आपूर्ति प्रदान करने में परेशानी हुई है। एक अधिकारी ने नाम ना बताने की शर्त पर कहा कि, 'शीआन में दैनिक आवश्यकताओं की कुल आपूर्ति अपर्याप्त है'। वहीं, एक निवासी उपनाम वांग ने कहा कि, 'मैं जीवित रहने के लिए हर दिन एक कटोरी दलिया खाता हूं। उन्होंने कहा कि, 'मैंने सुना है कि दूसरे जिलों में दोस्तों ने अपना खाना पहुंचाया, लेकिन यहां वेयांग जिले में नहीं।' वहीं, एक महिला ने कहा कि, 'मुझे कोई खाना नहीं दिया गया। मैं दो दिन पहले स्टोर से कुछ सामान लाने में कामयाब रही थी, लेकिन आज नहीं।' उन्होंने कहा कि, "मेरे पास घर पर सिर्फ चावल और अंडा है''। वहीं, एक महिला ने अपना नाम नहीं बताते हुए कहा कि, वो किसी तरह कम्युनिटी मैनेजर की मदद से सुपरमार्केट से खाने का सामान लाने में कामयाब रही है।

स्थिति संभालने में अधिकारियों को दिक्कत
स्थानीय लोगों का कहना है कि, अधिकारी सामान पहुंचाने की कोशिश तो कर रहे हैं, लेकिन एक तो उनकी संख्या काफी कम है और दूसरी कि आपूर्ति भी काफी कम है। एक नागरिक ने कहा कि, उसके घर में फ्री में सब्जियां पहुंचाई तो गई, लेकिन आधी से ज्यादा सब्जी खराब हो चुकी थी, वो कई दिन पुरानी सब्दियां थीं। लोगों का कहना है कि, तमाम जगहों पर पुलिस ब्लॉक बनाए गये हैं और लोगों का बाहर निकलना सख्त से सख्त मना है। लोगों के घरों तक सामान पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकारी अधिकारियों को दी गई है, जो स्थिति संभालने में नाकाम हो रहे हैं। वहीं, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों ने इस बात को स्वीकार किया है, कि '''कम कर्मचारियों की उपस्थिति और रसद और वितरण में कठिनाइयों' के कारण आवश्यक आपूर्ति प्रदान करने में परेशानी हुई है क्योंकि देश कोरोना संक्रमण क सामना कर रहा है''।

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
वहीं, शीआन शहर के कई लोगों ने अब अपना गुस्सा चीनी सोशल मीडिया पर दिखाना शुरू कर दिया है। कई सोशल मीडिया यूजर सरकारी अधिकारियों पर गुस्सा निकाल रहे हैं और कह रहे है, वो भूखे है और अब घर से बाहर निकलने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। आपको बता दें कि, ज़ीरो कोविड पॉलिसी की तरह चीन ने जिस तरह से वुहान में वायरस को कंट्रोल किया था, उसी तरह से शीआन शहर में कोरोना कंट्रोल करना चाहता है, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि, अब चीन ज़ीरो कोविड पॉलिसी में इसलिए कामयाब नहीं हो पाएगा, क्योंकि पहले ये वायरस सिर्फ वुहान में था, जबकि अब ये पूरी दुनिया में फैला हुआ है और लगातार इसके अलग अलग वेरिएंट मिल रहे हैं।

सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी
शीआन के एक नागरिक ने सोशल मीडिया वीबो पर लिखा है कि, 'मैं भूखा मरने वाला हूं और मेरे पास खाने को कुछ भी नहीं है। मुझे अपने सोसाइटी से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है और अब मैं भूख से तड़प रहा हूं, प्लीज मेरी मदद करें'। वहीं, एक यूजर ने लिखा है कि, ''सरकार कहती है, आपूर्ति प्रचूर मात्रा में है, लेकिन क्या फायदा अगर उसे लोगों तक पहुंचाया नहीं जा रहा है''। वहीं, शीआन के अधिकारी चेन जियानफेंग ने संवाददाताओं से कहा कि, स्थानीय सरकार ने सामुदायिक वितरण को बढ़ाने के लिए कम्युनिटी डिस्ट्रीब्यूशन का काम शुरू किया है और सरकारी अधिकारी थोक बाजारों के साथ साथ सुपर मार्केट की भी निगरानी कर रहे हैं।

लोगों की परेशानी पर बोला प्रशासन
अधिकारी चेन जियानफेंग ने कहा कि, "हम कर्मचारियों की समस्या को सही करने के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं, और उन गाड़ियों के लिए पास जारी कर रहे हैं, जो आवश्यकताओं की आपूर्ति की गारंटी देते हैं"। उन्होंने कहा कि, ''कई जगहों पर लोग अभी भी आपूर्ति के साथ संघर्ष कर रहे थे। वहीं, एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है कि, 'हम कैसे रह रहे हैं? हम क्या खा रहे हैं? इसकी परवाह किसी को नहीं है'। एक वीबो यूजर ने लिखा है कि, जब लॉकडाउन लगा था, तो हमें सुपरमार्केट में जाकर सामान खरीदने की इजाजत थी, लेकिन अब हम सुपरमार्केट भी नहीं जा सकते हैं और ऑनलाइन एप पर सामान बचे नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications