चीन के एक शहर में मिले नए कोरोना मरीज, अब 5 दिन में 90 लाख कोरोना टेस्ट की तैयारी
बीजिंग। चीन से शुरु हुए कोरोना वायरस ने दुनियाभर में तबाही मचा रखी है। अब तक करोड़ों लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। इसी बीच छिंगदाओ शहर में कोरोना के नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं। जिसके बाद चीनी सरकार ने पूरे शहर के कोरोना टेस्ट करने के आदेश दिए हैं। इस शहर की आबादी 90 लाख है। चीन की सरकार ने कहा है कि किंगदाओ शहर के सभी 90 लाख लोगों की कोविड-19 जांच की जाएगी।

चीन की किंगदाओ सिटी ने सोमवार को कहा कि वह लगभग 5 दिनों में शहर की 90 लाख से अधिक की आबादी का कोविड-19 टेस्ट करेगा। शहर में 11 अक्टूबर को कोविड-19 के 6 नए केस और 6 बिना लक्षण वाले केस मिले हैं। इनमें से अधिकतर किंगदाओ चेस्ट हॉस्पिटल से जुड़े हैं जिसके चलते अस्पताल बंद किया गया है। अधिकारी छिंगदाओ के म्युनिसिपल चेस्ट हॉस्पिटल के आठ मरीजों और एक परिवार के सदस्य के संक्रमित होने के स्रोत का पता लगा रहे हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की खबर आते ही स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने वाले 1,40,000 लोगों का टेस्ट किया भी जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि तीन दिनों में शहर के पांच जिलों में रहने वाले सभी लोगों का कोविड-19 टेस्ट होगा और पांच दिनों में पूरे शहर का कोरोना टेस्ट हो जाएगा। कई महीनों से चीन में कोरोना वायरस की मास टेस्टिंग नहीं हुई है। इससे पहले बीजिंग में मास टेस्टिंग देखने को मिली थी।
चीन में यह महामारी गत दिसम्बर में शुरू हुई थी। चीन में कोविड-19 के 85,578 मामले सामने और इससे 4,634 लोगों की मौत होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। चीन में कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने का काम तेजी से हो रहा है। कोरोना वायरस का टीका तैयार करने की दौड़ में चीन सबसे आगे रहना चाहता है। चीन के अलावा रूस, यूरोप, अमेरिका और भारत में भी वैक्सीन पर काम जारी है।












Click it and Unblock the Notifications