अमेरिका के आसमान में उड़ रहा विशालकाय गुब्बारा, अब चीन ने बताया कि वो क्या ‘चीज’ है
चीन के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के हवाई क्षेत्र में गुब्बारे के प्रवेश करने पर खेद भी जताया। चीन ने कहा कि इस एयरशिप की स्टीयरिंग क्षमता सीमित है लेकिन तेज हवा के कारण ये अपने रास्ते से भटक गई है।

अमेरिका ने कुछ ही घंटे पहले कहा था कि वह एक संदिग्ध चीनी जासूसी गुब्बारे को ट्रैक कर रहा है जिसे हाल के दिनों में कुछ संवेदनशील इलाकों में उड़ते देखा गया है। अमेरिकी रक्षा अधिकारियों का कहना है वे इस गुब्बारे पर नजर रखे हुए हैं और उन्हें पूरा यकीन है कि ये चीन के जासूसी मकसद के लिए है। हालांकि सैन्य अधिकारी इसे मार गिराने के पक्ष में नहीं हैं क्योंकि उन्हें डर है कि इसका मलबा संवेदनशील जगहों पर गिरकर नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि अब इसे लेकर चीन ने भी अपना पक्ष रखा है।
चीन बोला- अमेरिका ने भ्रम फैलाया
चीन ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी हवाई क्षेत्र के ऊपर देखा गया एक गुब्बारा मौसम अनुसंधान के लिए इस्तेमाल किया गया था। यह एक समान्य गुब्बारा है लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने भ्रम फैलाया और सबको बताया कि ये एक जासूसी गुब्बारा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका के हवाई क्षेत्र में गुब्बारे के प्रवेश करने पर खेद भी जताया है। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि इस एयरशिप की स्टीयरिंग क्षमता सीमित है लेकिन तेज हवा के कारण ये अपने रास्ते से बहुत दूर भटक गई है।
कनाडा में देखा गया गुब्बारा
इससे पहले अमेरिका और कनाडा में बेहद ऊंचाई पर उड़ रहे जासूसी गुब्बारे के देखे जाने से हड़कंप मच गया था। अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया कि इन गुब्बारों को जासूसी के लिए चीन ने भेजा है और ये पिछले कई दिनों से अमेरिका के आसमान में मौजूद हैं। बाइडन प्रशासन ने इस मार गिराने के लिए अपने फाइटर जेट तक को तैनात कर दिया था। लेकिन इसे गिराया नहीं गया क्योंकि सेना को ये डर है कि इसका मलबा संवेदनशील जगहों पर गिरकर नुकसान पहुंचा सकता है।
चीन का पहले भी आया था बयान
इस गुब्बारे को एक सामान्य मौसम की सूचना इक्ठ्ठा करने वाला गुब्बारा बताने से पहले भी चीन ने इसे लेकर बयान दिया था। चीन ने कहा था कि वह अमेरिका के ऊपर जासूसी गुब्बारे उड़ने की खबरों को देख रहा है। चीनी विदेश प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, "बीजिंग का अन्य देशों की संप्रभुता और हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का कोई इरादा नहीं है। हम तथ्यों को इकट्ठा और सत्यापित कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि संबंधित पक्ष इस मामले को ठंडे दिमाग से संभालेंगे।" चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक नियमित ब्रीफिंग में कहा, "अभी इसकी जांच चल रही है। जब तक तथ्य स्पष्ट नहीं हो जाते हैं, अनुमान लगाने और मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से इसे ठीक से हल करने में मदद नहीं मिलेगी।"












Click it and Unblock the Notifications