चीन में जानलेवा गर्मी ने कहीं तोड़ा 60 सालों का रिकॉर्ड, तो कहीं बाढ़ से मर रहे हैं लोग.. कुदरत का कहर
China Weather: मूसलाधार बारिश के कारण उत्तरी चीन में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग बह गए। चीनी सरकार की राज्य मीडिया ने सोमवार को बताया, कि चीन में पिछले कई हफ्तों से मौसम बुरी तरह से कहर बरपा रहा है और कहीं जानलेवा गर्मी से लोग मर रहे हैं, तो कहीं बारिश में बहकर लोगों की जान जा रही है।
ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट में बताया गया है, कि इस साल की गर्मी ने चीन में 60 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और चिलचिलाती धूप की वजह से सैकड़ों लोग अभी तक जानलेवा लू के शिकार बने हैं। भारी बारिश, जानलेवा गर्मी और हाल ही में हुई ओलावृष्टि से देश भर में बुनियादी ढांचे को बुरी तरह से नुकसान पहुंचाया है। वहीं, चीन में मौसम की मार से फसलों को भारी नुकसान हो रहा है और पशुधन खतरे में पड़ गया है।

चीन पर मौसम का प्रचंड कहर
लगातार कहर बरपा रहा मौसम, चीन के 140 करोड़ लोगों की आबादी की धैर्य की परीक्षा ले रहा है और चीन को चेतावनी दे रहा है, कि वो जलवायु परिवर्तन को अब नकारने की कोशिश बिल्कुल भी ना करे। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इनर मंगोलिया क्षेत्र में भारी बारिश के कारण रविवार को अचानक बाढ़ आ गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लापता हो गए।
सीजीटीएन राज्य मीडिया आउटलेट ने बताया, कि शुक्रवार से, दक्षिण-पश्चिमी प्रांत गुइझोउ सहित दक्षिणी चीन के विभिन्न हिस्सों में बचावकर्मी लोगों और पशुओं को बाढ़ और भूस्खलन से सुरक्षित स्थान पर ले जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सप्ताहांत में युन्नान प्रांत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिससे सड़कों पर कारें बह गईं, जो नदियों की तरह दिख रही थीं। पिछले सप्ताह दक्षिण पश्चिम सिचुआन प्रांत में भूस्खलन से कई लोगों की मौत हो गई थी।
राज्य मीडिया सीजीटीएन ने राष्ट्रीय जलवायु केंद्र का हवाला देते हुए बताया है, कि उत्तरी चीन असामान्य रूप से गर्म मौसम की चपेट में है, जिसने 60 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। राज्य मीडिया ने कहा, कि गर्म मौसम अगले 10 दिनों तक और बने रहने की उम्मीद है, वहीं परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर भयावह गर्मी को लेकर पोस्ट लिखना शुरू कर दिया है।
चीनी सोशल मीडिया वीबो पर एक यूजर ने लिखा, कि "अब इस भीषण गर्मी से मैं ऊब गया हूं।" वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा है, कि "मैं रो भी नहीं सकता, क्योंकि मेरे आंसू सूख गए हैं।"
चीन के राष्ट्रीय जलवायु केंद्र (एनसीसी) ने सोमवार को बताया है, कि रविवार को चीन में 60 सालों में सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा है। राष्ट्रीय जलवायु केंद्र ने बताया है, कि देश के उत्तरी हिस्से में गर्म हवा की लहरें चलने से लोगों को जानलेवा स्ट्रोक्स आ सकते हैं, लिहाजा लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
एनसीसी के एक नोटिस के अनुसार, चीन में इस साल औसतन 4.1 दिन तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है, जो 1961 में तापमान का रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से सबसे ज्यादा है। वहीं, उत्तरी क्षेत्र के भीतर, राजधानी बीजिंग सबसे गंभीर रूप से प्रभावित है, इसके बाद पड़ोसी हेबेई प्रांत और तियानजिन नगर पालिका में भी भीषण गर्मी पड़ रही है।
कई हफ़्तों से, मौसम पूर्वानुमानकर्ताओं ने भी तेज़ संवहनशील मौसम की चेतावनी दी है, जो अक्सर तूफान लेकर आता है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो के अनुसार, पूर्वोत्तर के हेइलोंगजियांग प्रांत में शनिवार को हुई ओलावृष्टि से खिड़कियां टूटी हुई दिखाई गईं हैं।












Click it and Unblock the Notifications