नए रक्षा मंत्री बनते ही चीन में मचा हड़कंप, सेना के 9 जनरल बर्खास्त, कनेक्शन या करप्शन क्या है वजह?
हाइलाइट्स
- चीनी सेना पर जिनपिंग की बड़ी कार्रवाई
- रक्षा मंत्री बदलने के बाद लिया बड़ा फैसला
- 9 सीनियर ऑफिशियल संसद से बर्खास्त
चीन में इन दिनों बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में दो बड़े मंत्रियों की नियुक्ति के बाद पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के नौ टॉप जनरल को बर्खास्त कर दिया गया है। चीन में यह कार्रवाई नए रक्षामंत्री के आने के 24 घंटे बाद की गई है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने शनिवार को बताया कि संसद से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 9 वरिष्ठ जनरलों को संसद से बर्खास्त कर दिया है, जिसमें रॉकेट फोर्स के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक देश की संसद ने नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) से बर्खास्त किए गए लोगों में पीएलए रॉकेट फोर्स के पांच शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं जो देश के परमाणु हथियारों के घटक मिसाइल विभाग का कामकाज देखते थे। इसके अलावा बर्खास्त किए गए लोगों में चीनी एयरफोर्स के पूर्व कमांडर सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
नहीं बताया गया कोई कारण
एनपीसी की घोषणा के अनुसार, जिन लोगों की सदस्यता एनपीसी से समाप्त की गई हैं। उनमें झांग झेंझोंग, झांग यूलिन, राव वेनमिन, जू शिनचुन, डिंग लाइहांग, लू होंग, ली युचाओ, ली चुआंगुआंग और झोउ यानिंग शामिल हैं। इन कमांडरों को क्यों बर्खास्त किया गया है, इसके बारे में अभी तक कुछ नहीं बताया गया है।
बर्खास्त किए गए जनरल चीनी सेना के उन सदस्यों की एक बड़ी संख्या का हिस्सा हैं, जो सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) का हिस्सा बने और NPC में नियुक्त किए गए हैं।
कनेक्शन या करप्शन?
कुछ मीडिया रिपोर्ट में ये बताया जा रहा है कि बर्खास्त किए गए अधिकारियों में से कुछ पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रॉकेट बल से बर्खास्त किए गए कमांडर पूर्व रक्षा मंत्री जनरल ली शांगफू के करीबी बताए जाते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शांगफू के करीबी होने की वजह से उनपर गाज गिरी है।
नए रक्षा मंत्री बने डोंग जुन
आपको बता दें कि दो दिन पहले ही चीन में रक्षा मंत्री के रूप में ली शांगफू की जगह डोंग जुन की नियुक्ति हुई है। ली शांगफू लापता बताए जा रहे हैं। 29 अगस्त के बाद उन्हें किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं देखा गया है। 2 महीने पहले शांगफू के पद से हटा दिया गया था।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
चीनी सेना की एंटी करप्शन बॉडी ली युचाओ, झांग झेनझोंग और लियू गुआंगबिन की जांच कर रही है। आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं है कि PLA के शीर्ष जनरलों को भ्रष्टाचार के लिए बर्खास्त किया गया था। साल 2012 में जिनपिंग के सत्ता में आने के बाद उनमें से कई को भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के लिए हटा दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications