भारत से प्राइवेट बातचीत करना चाहती हैं कनाडाई मंत्री मेलानी जोली, एक्सपर्ट ने कहा- उन्हें उम्मीद नहीं थी...
India-Canada News: इस रिपोर्ट के बाद, कि भारत ने कनाडा से नई दिल्ली में स्थिति अपने 41 डिप्लोमेट्स को 10 अक्टूबर तक वापस बुलाने के लिए कहा है, कनाडा की तरफ से भारत के साथ प्राइवेट बातचीत का ऑफर दिया गया है। कनाडा की विदेश मंत्री मेलानी जोली ने कहा है, कि देश राजनयिक संकट को हल करने के लिए नई दिल्ली के साथ 'निजी बातचीत' करना चाहता है।
कनाडाई विदेश मंत्री ने कहा, कि "हम भारत सरकार के संपर्क में हैं। हम कनाडाई राजनयिकों की सुरक्षा को बहुत गंभीरता से लेते हैं और हम निजी तौर पर बातचीत करना जारी रखेंगे, क्योंकि हमारा मानना है कि राजनयिक बातचीत तब सबसे अच्छी होती है, जब वे निजी रहती हैं।"

निजी बातचीत क्यों करना चाहता कनाडा?
मंगलवार को, भारत ने कथित तौर पर कनाडा से 10 अक्टूबर तक लगभग 41 राजनयिकों को वापस लेने के लिए कहा है। रिपोर्टों के अनुसार, सरकार ने समय सीमा के बाद देश में रहने वाले किसी भी कनाडाई राजनयिक की राजनयिकों के विशेषाधिकार छीनने की भी धमकी दी है।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने कनाडा से भारत में अपनी राजनयिक उपस्थिति 62 से घटाकर 41 राजनयिकों तक करने का अनुरोध किया है। हालांकि, अभी तक, न तो भारत और न ही कनाडा ने आधिकारिक तौर पर रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है।
मंगलवार को एक अन्य घटनाक्रम में, कनाडाई प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है, कि उनका देश, भारत के साथ मौजूदा स्थिति को आगे बढ़ाने पर विचार नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा, कि कनाडा "नई दिल्ली के साथ जिम्मेदारीपूर्वक और रचनात्मक रूप से जुड़ना" जारी रखेगा।

जस्टिन ट्रूडो ने कहा, कि उनकी सरकार "कनाडाई परिवारों की मदद के लिए भारत में ज़मीन पर रहना चाहती है"।
आपको बता दें, कि जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए भारतीय एजेंट्स के साथ लिंक होने की संभावना जताई है, जिसके बाद हालिया समय में भारत और कनाडा के बीच का विवाद काफी बढ़ गया है। जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद, दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध खराब हो गए हैं।
हालांकि, भारत ने आरोपों को 'बेतुका' और 'प्रेरित' बताते हुए खारिज करते हुए दृढ़ता से जवाब दिया। मामले से जुड़े एक भारतीय अधिकारी को कनाडा द्वारा निष्कासित किए जाने की तीखी प्रतिक्रिया में, भारत सरकार ने भी एक वरिष्ठ कनाडाई राजनयिक को निष्कासित कर दिया।
लेकिन, एक्सपर्ट ने कनाडा की विदेश मंत्री की 'प्राइवेट बातचीत' वाले बयान पर सवाल उठाए हैं।
विदेश नीति के जानकार और ओआरएफ थिंक टैंक के सीनियर फेलो सुशांत शरीन ने कहा, कि "अपमानजनक आरोप सार्वजनिक रूप से उछाले जाएंगे, लेकिन कूटनीतिक बातचीत निजी तौर पर की जाएगी??? मेरा मतलब है, यह कैसे काम कर सकता है? शायद इन लोगों ने सोचा था, कि वे भारत को धक्का दे सकते थे, लेकिन उन्होंने इसकी उम्मीद नहीं की थी, कि भारत की तरफ से भी इतनी सख्त प्रतिक्रिया दी जा सकती है।"












Click it and Unblock the Notifications