Canada: यूट्यूबर नेन्सी की चाकू से गोदकर हत्या, अकाल तख्त पर की थी भद्दी टिप्पणी, मां ने किस पर लगाया आरोप?
Canada: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर Nancy Grewal की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना की पुष्टि LaSalle Police Service ने बुधवार को की। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात उनके विंडसर स्थित घर में ग्रेवाल का शव मिला, जिस पर चाकू से किए गए घातक वारों के निशान थे। Windsor Star की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय पुलिस इस मामले की हत्या के रूप में जांच कर रही है। हालांकि अब तक किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रात 9:30 बजे मिली चाकूबाजी की सूचना
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस को मंगलवार रात करीब 9:30 बजे से कुछ ही देर पहले टोड लेन इलाके से चाकूबाजी की सूचना मिली थी। CBC News के हवाले से बताया गया कि घायल महिला को Essex-Windsor EMS द्वारा तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई।

कनाडाई-पंजाबी समुदाय की जानी-मानी आवाज
45 साल की Nancy Grewal कनाडाई-पंजाबी मूल की थीं और सोशल मीडिया पर अपनी खुलकर राय रखने के लिए जानी जाती थीं। वह अक्सर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर टिप्पणी करती थीं। उनकी पोस्ट्स में कई बार अलगाववादी आंदोलनों की आलोचना भी शामिल होती थी।
मां ने किस पर लगाए आरोप?
हरियाणा में जन्मीं नेन्सी अक्सर अकाल तख्त से लेकर जत्थेदार और ब्यास मुनी आदि पर तीखी टिप्प्णियां करती थीं। जिसकी वजह उन्हें पूर्व में धमकियां भी मिली थीं। उनकी मां छिंदरपाल कौर ने एक स्थानीय न्यूज चैनल को बताया कि नेन्सी की पहले भी हत्या की कोशिश की जा चुकी थी। उसके घर में आग लगाई गई, लेकिन वो बच गई। जिसकी शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। बकौल मां, नेन्सी 2018 में नर्स का कोर्स करने के लिए कनाडा गई थी और तब से ही वहां थी। मां ने खालिस्तानी आतंकियों पर इस हत्या का आरोप लगाया है।
कत्ल से पहले आखिरी विवादित पोस्ट
अपने आखिरी पोस्ट में नेन्सी ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के बारे में अनर्गल बयान दिया था। जिसमें वह किसी सतनाम सिंह नाम के एक शख्स की बात से सहमत होने का दावा कर रही थीं। साथ ही वह जत्थेदार को चुनौती भी दे रहीं थी। नेन्सी ने अपने इस पोस्ट में जत्थेदार के कपड़ों का भी मजाक उड़ाया था।
पुलिस ने जनता से मांगी मदद
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने जनता से भी सहयोग मांगा है। अधिकारियों ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह जासूस सार्जेंट Jamie Nestor से संपर्क करे। इसके लिए फोन नंबर 519-969-5210, एक्सटेंशन 2531 जारी किया गया है।
आसपास के लोगों से मांगा गया CCTV फुटेज
पुलिस ने टोड लेन और आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके पास निगरानी या सुरक्षा कैमरों की फुटेज है तो उसे जांचकर्ताओं के साथ साझा करें। अधिकारियों का कहना है कि ऐसा कोई भी वीडियो या जानकारी इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम सुराग दे सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications