Covaxin: ब्राजील ने रद्द की 'कोवैक्सीन' खरीद की डील, लगे थे अनियमितताओं के 'गंभीर आरोप'
ब्रासिलिया, 30 जून। एक बड़ी खबर ब्राजील से है, जिसने भारत बायोटेक के साथ 'कोवैक्सीन' के लिए किए गए सौदे को रद्द कर दिया है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्री मार्सेलो ने इसका ऐलान किया है। आपको बता दें कि 'कोवैक्सीन' की खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगे थे, जिसके बाद 324 मिलियन डॉलर के इस कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर दिया गया है।

आपको बता दें कि जो डील हुई थी, उसके मुताबिक ब्राजील को भारत बायोटेक से कुल 20 मिलियन वैक्सीन खरीदनी थी लेकिन इस डील पर सवाल खड़े हो गए थे। इस डील के लिए राष्ट्रपति जायर बोल्सोनेरो पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे और ब्राजील सरकार लगातार सवालों के कठघरे में थी। हालांकि सरकार ने व्हीसलब्लोअर को समझाने की कोशिश की थी और इस मसले पर सफाई भी पेश की थी लेकिन मामला सुलझने के बजाय और उलझ गया और सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा, जिसके बाद ब्राजील सरकार ने डील ही रद्द कर दी है।
मालूम हो कि दुनिया में कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित देशों में एक ब्राजील है। जहां पर कोरोना ने भयानक तबाही मचाई है। ब्राजील के स्वास्थ्य नियामक संस्था अनविसा (Anvisa) ने भारत बायोटेक 'कोवैक्सीन' के आयात को हरी झंडी दी थी, ब्राजील ने विशिष्ट परिस्थितियों में 'कोवैक्सीन' के "वितरण और नियंत्रित स्थिति के तहत उपयोग" के लिए मंजूरी प्रदान की थी ।

लेकिन इस डील के बारे में कहा जा रहा था कि ब्राजील ने जानबूझकर महंगी 'कोवैक्सीन' खरीदी है। राष्ट्रपति जायर ने स्वास्थ्य अधिकारियों पर वैक्सीन खरीदने का दवाब बनाया था। फिलहाल विवादों के बाद अब ये कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications