Bangladesh Protest: क्या बांग्लादेश में लगेगा सैन्य शासन? 300 लोगों की मौत, आर्मी चीफ करेंगे देश को संबोधित
Bangladesh Protest: बांग्लादेश में भीषण प्रदर्शन और हिंसा के बीच आशंका जताई जा रही है, कि देश में सैन्य शासन लागू हो सकता है और कुछ देर में आर्मी चीफ बांग्लादेशी अवाम को संबोधित करने वाले हैं।
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना प्रमुख जनरल वकर-उज़-ज़मान बांग्लादेशी समय के मुताबिक, सोमवार को दोपहर 3 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस जानकारी की पुष्टि इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने की है।

आईएसपीआर के अनुसार, सेना प्रमुख ने देशवासियों से तब तक धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया है।
रविवार को देशभर में सत्तारूढ़ पार्टी अवामी लीग के समर्थकों और कानून प्रवर्तकों के बीच हुई घातक झड़पों में कम से कम 96 लोग मारे गए और एक हजार से ज्यादा लोग घायल हो गये हैं। बांग्लादेश में ये हिंसक झड़प छात्रों के "पूर्ण असहयोग" आंदोलन के पहले दिन फैली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पूरे बांग्लादेश में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं और पूरे देश में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
छात्रों ने हथियार उठाने की दी धमकी
छात्र आंदोलन के एक कॉर्डिनेटर नाहिद इस्लाम ने रविवार को प्रदर्शनकारियों से आग्रह किया है, कि वे सरकार गिरने तक शाहबाग में अपना धरना जारी रखें।
रविवार को दोपहर 3 बजे शाहबाग में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "छात्र किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं। हमने आज लाठी उठाई है। अगर लाठी काम नहीं आई तो हम हथियार उठाने के लिए तैयार हैं।"
नाहिद इस्लाम ने आवामी लीग को आतंकवादी बताया और कहा, कि उन्हें सड़कों पर तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा, "आवामी लीग देश में गृहयुद्ध की स्थिति पैदा करना चाहती है। देश को गृहयुद्ध की स्थिति में धकेला जा रहा है।" उन्होंने कहा, "मोबाइल इंटरनेट फिर से बंद कर दिया गया है। ब्रॉडबैंड इंटरनेट भी बंद हो सकता है। इस बार ऐसी साजिशें किसी काम की नहीं होंगी। अगर इंटरनेट बंद भी हो जाता है तो हम सड़कों पर होंगे।"












Click it and Unblock the Notifications