पार्टी करने के बाद नशे की हालत में 18 महीने की बच्ची को कार में छोड़ गए पैरेंट्स, भीषण गर्मी से हुई मौत
अमेरिका में एक पति-पत्नी पर उनकी बेटी की मौत के मामले में हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है। ये दंपति महज 18 महीने की बच्ची को कार में बंदर कर घर में सोने चले गए थे। गर्मी से बच्ची की मौत हो गई।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला 4 जुलाई का है। फ्लोरिडा प्रांत में स्वतंत्रता दिवस की पार्टी करने के बाद कपल घर लौट रहे थे। इसी दौरान मां-पिता ने गलती से बच्ची को कार में ही छोड़ दिया।

बच्ची सुबह 3 बजे से लेकर दोपहर के करीब 11 बजे तक कार में ही रही। इस दौरान कार के भीतर का तापमान 105 फारेनहाइट हो चुका था।
पोल्क काउंटी शेरिफ ग्रैडी जुड के एक बयान का हवाला देते हुए सीएनएन ने बताया कि माता-पिता जोएल और जैज़्मिन रोंडन अपने तीन बच्चों के साथ 4 जुलाई की पार्टी में शामिल हुए। वे लोग अगली सुबह लगभग 3 बजे तक बाहर रहे।
लौटने के बाद मां जैज्मिन बड़े बच्चों को घर में ले गईं और अपने पति जोएल से छोटी बेटी को अंदर लाने के लिए कहा। पीड़ित बच्चे के पिता जोएल ने कहा कि जब वो बच्ची को लाने गए तो कार का एक दरवाजा खुला था।
इसके बाद वो खाने की ट्रे घर के अंदर ले आए। इसके बाद जब वह बच्ची को लेने के लिए वापस बाहर गए तो उन्होंने देखा कि कार के सभी दरवाजे बंद थे। ऐसे में उसे लगा कि उसकी पत्नी अपनी बेटी को लेकर घर चली आई है।
इसके बाद पति जोएल घर के अंदर चला आया और अपनी पत्नी और बाकी बच्चों के साथ सो गया। इस दौरान उसने अपनी पत्नी से सबसे छोटी बेटी के बारे में नहीं पूछा। दुर्भाग्य से वह छोटी बच्ची कार में छूट गयी थी।
अगली सुबह, लगभग 11 बजे जब जोएल काम के लिए तैयार हो रहा था, उसने किसी एक बच्चे को बेडरूम में छोटी बच्ची को देखने के लिए कहा। लेकिन वह बच्चा वहां था ही नहीं। इसके बाद जब उन्होंने अपनी बच्ची की तलाश शुरू की तो वह कार के अंदर अचेत अवस्था में मिली।
इस दौरान कार तेज धूप में सड़क पर खड़ी थी। कार के अंदर बच्ची सीट बेल्ट से बंधी पड़ी थी। बाद में डॉक्टरों ने उस बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बाद में जब इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली तब उन्होंने माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बच्ची की मौत के बाद प्रशासन ने माता-पिता पर 18 महीने की बच्ची की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि बच्ची के मां-पिता ने पार्टी में मारिजुआना और अल्कोहल का सेवन किया था।












Click it and Unblock the Notifications