समलैंगिक शादी के खिलाफ थीं ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, अब खुद 20 साल पुरानी गर्लफ्रेंड से रचाई शादी
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने अपनी प्रेमिका सोफी अलौच से शादी कर ली है। पेनी वोंग देश की पहली खुले तौर पर समलैंगिक महिला सांसद हैं। वोंग ने रविवार को अपनी शादी का खुलासा किया।
वोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शादी की पोशाक में और फूलों का गुलदस्ता लिए हुए अपनी और अलौच की एक तस्वीर के साथ कहा, "हमें खुशी है कि हमारे परिवार और दोस्त हमारे साथ इस विशेष दिन को साझा कर सकते हैं।

द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, वोंग और अलौच लगभग दो दशकों से एक साथ हैं। दोनों ने शनिवार को दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की राजधानी एडिलेड में एक वाइनरी में शादी की। इस विवाह समारोह में प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और वरिष्ठ मंत्री शामिल हुए।
इस दौरान दंपति की दो बेटियां एलेक्जेंड्रा( 11), और हन्ना(8) भी उपस्थित रहीं। वोंग और उनकी साथी को ये बेटिंयां आईवीएफ तकनीक से हासिल हुई हैं। वोंग ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया में समलैंगिक विवाह को वैध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दिलचस्प बात ये है कि पेनी वोंग एक वक्त में लेबर पार्टी की नीति के अनुसार समलैंगिक शादी के विरोध में थीं।
2002 में राजनीति में एंट्री लेने वाली पेनी वोंग ने हाल ही में सबसे अधिक समय तक महिला कैबिनेट मंत्री के पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाया है। पेनेलोप वोंग के पिता एक मलेशियाई थे जबकि उनकी मां एक ऑस्ट्रेलिया से आती हैं। वह 1976 में आठ साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया आ गईं।
पिछले साल अक्टूबर में सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह को मान्यता देने से इनकार कर दिया था। समलैंगिक विवाह मामले पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, " फैसलों में कुछ हद तक सहमति और कुछ हद तक असहमति होती है। हम समलैंगिक विवाह को मान्यता नहीं दे सकते हैं लेकिन उनको उनका अघिकार मिलना चाहिए।'
सीजेआई ने कहा कि, समलैंगिक विवाह को कानूनी रूप से मान्यता देना संसद का अधिकार है। CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, समलैंगिक विवाह को कानूनी रूप से मान्यता देना संसद और राज्य विधानसभाओं का काम है। कोर्ट इसे मान्यता नहीं दे सकती है। हम स्पेशल मैरिज ऐक्ट में शब्द नहीं जोड़ सकते हैं ये विधायिका के दायरे में आता है।












Click it and Unblock the Notifications