मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़... 3 राज्यों में PM मोदी की धमाकेदार जीत पर वर्ल्ड मीडिया में क्या छपा है?
World Media on BJP Election Win: जैसे ही भारतीय जनता पार्टी की भगवा सुनामी रविवार को हिंदी पट्टी में बही, ठीक वैसे ही इंटरनेशनल मीडिया में भी भारतीय प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी की इस विशालकाय चुनावी जीत को लेकर अलग अलग आर्टिकिल लिखे जाने लगे। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बीजेपी की धमाकेदार जीत तो वर्ल्ड मीडिया, 2024 संसदीय चुनाव से पहले पीएम मोदी के लिए एक सेमीफाइनल की तरह देख रहा है।
वर्ल्ड मीडिया के कई रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि 2024 चुनाव से पहले तीन राज्यों में पीएम मोदी के नेतृत्व में मिली बीजेपी की जीत को 2024 के संसदीय चुनाव से पहले एक संकेत के तौर पर देखा जाए और भारत की जनता का मूड समझा जाए, और अब प्रधानमंत्री मोदी की तीसरे कार्यकाल में भी आने की संभावना काफी प्रबल हो गई है।

वर्ल्ड मीडिया में क्या छपा है?
न्यूयॉर्क टाइम्स (NYT) ने बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में जीत के साथ, भारतीय जनता पार्टी ने आम चुनावों से पहले एक प्रमुख क्षेत्र में अपना प्रभुत्व बढ़ा लिया है। NYT की रिपोर्ट के अनुसार, नतीजे "मुख्य विपक्षी दल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की घटती किस्मत" के लिए एक और झटका है। रिपोर्ट में राजनीतिक विश्लेषक आरती जेराथ का हवाला देते हुए कहा गया है, "यह 2024 में बीजेपी के लिए बड़ा फायदा है।"
NYT की रिपोर्ट में राम मंदिर का जिक्र करते हुए दावा किया गया है, कि "PM मोदी के पास अपने समर्थन के आधार को और मजबूत करने के लिए पहले से ही एक बड़ी योजना है, जब जनवरी महीने में उत्तरी राज्य उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक विशाल हिंदू मंदिर का उद्घाटन किया जाएगा।"
NYT की रिपोर्ट में कहा गया है, कि "खुद को विकास के साथ-साथ हिंदू हितों के महत्वाकांक्षी चैंपियन के रूप में पेश करने वाले मिस्टर मोदी का देश भर के मतदाताओं के बीच एक मजबूत आकर्षण है। उनकी सरकार ने शीर्ष-भारी और असमान भारतीय अर्थव्यवस्था के संसाधनों का उपयोग अच्छी तरह से लक्षित कल्याणकारी योजनाओं के लिए किया है, जो अक्सर उनके नाम पर सौंपी जाती हैं। जिन राज्यों में स्थानीय बी.जे.पी. पार्टी के नेता चुनाव में संघर्ष कर रहे थे, उन राज्यों के चुनावी पोस्टर्स पर मोदी की तस्वीरों के सहारे चुनाव लड़ा गया। मतदाताओं के लिए हैंडआउट्स को 'मोदी की गारंटी' के रूप में प्रस्तुत किया गया था।''
वहीं, ब्लूमबर्ग ने बताया है, कि हालांकि विधानसभा चुनाव 2024 के आम चुनावों के लिए प्रॉक्सी नहीं हैं, लेकिन यह तथ्य, कि विपक्ष काफी व्यापक रूप से हार गया है, लोकसभा चुनावों से पहले सत्तारूढ़ पार्टी और मोदी को उत्साहित करेगा। रिपोर्ट में बताया गया है, कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने बेरोजगारी और जातिगत भेदभाव जैसे मुद्दों को इस उम्मीद से उजागर करने की कोशिश की थी, कि यह कुछ महीनों में ऐसे मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर गूंजेंगे।
GlobalData.TS लोम्बार्ड की मुख्य भारत अर्थशास्त्री शुमिता देवेश्वर ने कहा, कि "प्रधानमंत्री मोदी असाधारण रूप से लोकप्रिय बने हुए हैं।" उन्होंने कहा, राज्य के चुनावों से पता चलता है, कि "देश का मूड उन्हें लगातार तीसरी बार सत्ता में वापस लाने में है।"
ब्लूमबर्ग ने देवेश्वर के हवाले से कहा है, कि "बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन ने विपक्ष को कुछ गति प्रदान की होगी, लेकिन नतीजे अब संकेत देते हैं, कि मोदी की सत्ता में वापसी अपरिहार्य है।"

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा है, कि एक दशक तक सत्ता में रहने के बाद भी मोदी व्यापक रूप से लोकप्रिय बने हुए हैं और सर्वेक्षणों से पता चलता है, कि वह अगले साल फिर से जीतेंगे। हालांकि, कांग्रेस के नेतृत्व वाला 28-दलीय विपक्षी गठबंधन (INDIA) भाजपा से संयुक्त रूप से लड़ने के लिए एक साथ आया है, जिससे एक नई चुनौती सामने आई है। लेकिन, आंतरिक प्रतिद्वंद्विता के कारण, ये गठबंधन राज्य चुनावों में शामिल नहीं हुआ और यह भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था।
एक अन्य विदेशी समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया, कि तीन राज्यों में जीत ने भाजपा और मोदी को और बढ़ावा दिया है, जो अगले साल अपना लगातार तीसरा कार्यकाल जीतने के लिए पहले से ही पसंदीदा हैं।
इसमें कहा गया है, "नतीजों को नेहरू-गांधी राजवंश के 53 वर्षीय वंशज राहुल गांधी के लिए एक और झटका माना जा रहा है, जिन्होंने विपक्षी केंद्र-वामपंथी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के आक्रामक और व्यक्तिगत अभियान का नेतृत्व किया था, जो सीधे तौर पर मोदी को निशाना बना रहा था।"
वहीं, फाइनेंशियल टाइम्स ने राजनीतिक वैज्ञानिकों का हवाला देते हुए बताया है, कि राज्य और राष्ट्रीय परिणामों के बीच संबंध के सीमित सबूत हैं। हालांकि, परिणाम के कारण कांग्रेस पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण समय में कमजोर दिख रही है, जो 2014 में मोदी के प्रधान मंत्री बनने तक दशकों तक भारतीय राजनीति पर हावी रही है।
इसके अलावा, अलजजीरा ने भी लिखा है, कि भारत में नेशनल इलेक्शन से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने चार राज्यों में हुए चुनाव में तीन में बंपर जीत हासिल की है। अलजजीरा ने लिखा है, कि "छह महीने से भी कम समय में होने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मतदान से पहले, महत्वपूर्ण चुनावों ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ भारत के विपक्ष को खड़ा कर दिया।
अलजजीरा ने लिखा है, कि चुनाव नतीजे मई में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव से पहले मतदाताओं के मूड का संकेत देते हैं, जिसमें मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने पर नजर गड़ाए हुए हैं।
रविवार शाम को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में, पार्टी के सदस्य और समर्थक दोनों तरफ कतार में खड़े थे और मोदी हाथ हिलाते हुए उनके बीच में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने "भारत माता की जय" और अन्य नारे लगाते हुए उन पर फूलों की वर्षा की।
अलजजीरा ने लिखा है, कि लगभग एक दशक तक सत्ता में रहने के बाद मोदी और उनकी भाजपा, राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनी हुई है और सर्वेक्षणों से पता चलता है, कि उनके तीसरी बार जीतने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications