अर्शदीप डल्ला ने कनाडा कोर्ट में दायर की जमानत याचिका, KTF से जुड़े हैं कुख्यात गैंगस्टर के तार
कनाडा पुलिस ने हाल में अर्शदीप उर्फ अर्श डल्ला को एक फायरिंग मामले में गिरफ्तार किया था। अर्श भारत के वांटेड आतंकी है और खालिस्तानी आतंकवादी संगठन (केटीएफ) से जुड़े हुआ है। वहीं, अब खबर आ रही है कि अर्शदीप डल्ला ने कनाडा की कोर्ट में जमानत अर्जी दायर की है। अर्श डल्ला के वकील ने कोर्ट में आवश्यक दस्तावेज भी पेश किए हैं।
वकील ने कहा अर्श डल्ला ठीक से अंग्रेजी नहीं समझ पाता, इसलिए उसे ट्रासलेटर की अनुमति दी जाए। जिसके बाद कोर्ट ने अर्श डल्ला को ट्रांसलेटर की अनुमति दे दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्श डल्ला के वकील जमानत के लिए लगातार कोशिश कर रहे है। इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने अर्श डल्ला की गिरफ्तारी पर कहा कि हमारी एजेंसियां प्रत्यर्पण अनुरोध पर आगे बढ़ेंगी।

भारत में अर्श डल्ला के आपराधिक रिकॉर्ड और कनाडा में इसी तरह की अवैध गतिविधियों में उसकी संलिप्तता को देखते हुए, यह उम्मीद की जाती है कि उसे भारत में न्याय का सामना करने के लिए प्रत्यर्पित या निर्वासित किया जाएगा। बता दें, डल्ला पर हत्या, जबरन वसूली और टारगेट किलिंग जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
अर्श डल्ला पिछले चार साल से अपनी पत्नी के साथ कनाडा में रह रहा है और यहां से हिंदुस्तान विरोधी आतंकी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। इसके अलावा टेरर फंडिंग, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में भी उसका नाम शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डल्ला को मारे गए खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर का करीबी माना जाता है।
निज्जर के बाद डल्ला ही उसकी जगह पर आतंकी मॉड्यूल चला रहा था। 21 मई 1996 को जन्मा अर्श डल्ला पंजाब में मोगा जिले के डल्ला गांव का रहने वाला है। अर्श डाला के पिता चरणजीत सिंह ठेके पर जमीन लेकर खेती करत थे। डल्ला ने साल 2016 में पहली बार जुर्म की दुनिया में अपने कदम रखे।
महज 20 साल के डल्ला के ऊपर सबसे पहला केस बैंक में एक सुरक्षाकर्मी से बंदूक छीनने का दर्ज किया गया। अर्श डल्ला का आपराधिक सफर छोटी-मोटी चोरियों और छिनैती से शुरू हुआ। धीरे-धीरे वह रंगदारी और हत्या जैसे संगीन अपराधों में शामिल हो गया। साल 2018 आते-आते पंजाब में उसका दबदबा बढ़ने लगा था।
अर्श डल्ला के इसी बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बराड़ ने उससे संपर्क साथा और अपने साथ काम करने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद से डल्ला, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करने लगा था। एक वक्त ऐसा भी आया जब वो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का बहुत करीबी था, लेकिन अब दोनों एक-दूसरे के जानी दुश्मन हैं।
दरअसल, अर्श डल्ला ने कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई के दुश्मन 'बंबीहा गैंग'के साथ हाथ मिला लिया था। खबरों के मुताबिक, साल 2023 में लॉरेंस बिश्नोई ने डल्ला और बंबीहा गैंग के बीच कनेक्शन का काम करने वाले सुक्खा दुनुके की हत्या करवा दी। बस यहीं से, अर्श डल्ला और लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी की शुरुआत हो गई।
कहां कितने मामले दर्ज है अर्श डल्ला पर
खबर के मुताबिक, अर्श डल्ला के ऊपर पर पंजाब के 14 जिलों में 67 केस दर्ज हैं। इनमें से ज्यादातर मामले हत्या, हत्या की कोशिश, फिरौती और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हैं। दो केस तो NIA को भी सौंप दिए गए हैं। डल्ला पर देश में, खासकर पंजाब में कई बड़े लोगों की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। उसके ऊपर सबसे ज्यादा 23 मामले मोगा में दर्ज हैं।
इसके बाद बठिंडा में 7, लुधियाना में 5 और मोहाली में 4 मामले दर्ज हैं। संगरूर, फिरोजपुर, अमृतसर, मानसा, बरनाला, खन्ना, फजिल्का, गुरदासपुर, तरनतारन, रोपड़, नवांशहर, फरीदकोट और मुक्तसर में भी डल्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुईं। उसे 11 मामलों में भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। सितंबर 2023 में, डल्ला ने मोगा जिले में कांग्रेस के स्थानीय नेता बलजिंदर सिंह बल्ली की हत्या की भी जिम्मेदारी ली थी।












Click it and Unblock the Notifications