Argentina: राष्ट्रपति बनते ही जेवियर माइली का बड़ा कदम, 5 हजार सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला
अर्जेंटीना के नए राष्ट्रपति जेवियर माइली की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रपति का पदभार संभालने वाले जेवियर माइली के प्रशासन ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार इस साल नियुक्त किए गए 5,000 से अधिक कर्मचारियों के अनुबंध को समाप्त कर रही है।
माइली प्रशासन ने कहा कि उनका ये कदम आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही देश की अर्थव्यवस्था को बदलने की दिशा में उठाया गया है। यह उनके द्वारा घोषित कटौती और अवमूल्यन की एक व्यापक योजना का हिस्सा है।

धुर दक्षिणपंथी नेता माइली ने इसी महीने 10 दिसंबर को देश के नए राष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ ली है। माइली प्रशासन के अधिकारी ने कहा कि 2023 से पहले काम पर रखे गए अन्य सरकारी कर्मचारियों के अनुबंधों की समीक्षा की जाएगी।
अर्जेंटीना में इस साल के अंत में महंगाई करीब 200 फीसदी तक पहुंचने की उम्मीद है। माइली ने सरकारी नियमों, निर्यात और निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों के रूप में सरकार द्वारा संचालित उद्योगों का निजीकरण करने की अनुमति देने का वादा किया है। हालांकि उनके इस कटौती का विरोध हो रहा है लेकिन माइली ने अपनी नीतियों पर कायम रहने की कसम खाई है।
सरकारी कंपनियों का निजीकरण
अर्जेंटीना के नए राष्ट्रपति ने कहा कि उनका लक्ष्य देश को पुनर्निर्माण के रास्ते पर ले जाना, लोगों की आजादी और स्वायत्ता को लौटाना और उन नियमों को बदलना है जो देश के आर्थिक विकास को रोकते हैं।
अर्जेंटीना के नए राष्ट्रपति देश में लगभग 300 बदलाव करने जा रहे हैं। उनके प्रमुख एजेंडे में कई सरकारी कंपनियों को निजीकरण करना, किराएदारों, कर्मचारियों और दुकानदारों के लिए अनुकूल नियम बनाना आदि शामिल हैं। राष्ट्रपति के कुछ और कदमों में अर्जेंटीना की मुद्रा पेसो का पचास फीसदी अवमूल्यन, उर्जा और परिवहन सब्सिडी में कटौती और कुछ सरकार मंत्रालयों को बंद करना शामिल है।
53 वर्षीय माइली अपने आपत्तिजनकर बयानों से टेलीविजन चैनलों की सुर्खियों में रहे हैं। वह एक अर्थशास्त्री और पूर्व राजनीतिक कमेंटेटर रहे हैं, जिन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दौरान अर्जेंटीना की अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव का वादा किया था। आर्थिक संकट से निराश अर्जेंटीना की जनता के समर्थन से वह देश के नए राष्ट्रपति चुने गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications