तालिबान के खिलाफ दहाड़ा पंजशीर का शेर, कहा- सरेंडर शब्द मेरी डिक्शनरी में नहीं, जारी रहेगी लड़ाई
नई दिल्ली, 22 अगस्त: पूरे अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्जा हो गया है, लेकिन पंजशीर घाटी तक उसके लड़ाके नहीं पहुंच पाए। जिस वजह से नॉर्दन एलायंस ने फिर से अफगानिस्तान को आजाद करवाने की कसम खाई है। साथ ही पंजशीर का शेर कहे जाने वाले अहमद शाह मसूद के बेटे अहमद मसूद ने साफ कर दिया है कि वो सरेंडर नहीं करेंगे। तालिबानी आतंकियों के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। वैसे पंजशीर ऐसा इलाका है, जिसको आज तक ना तो तालिबान और ना ही सोवियत संघ जीत पाया।

'सरेंडर मेरी शब्दावली में नहीं'
फ्रांसीसी दार्शनिक बर्नार्ड-हेनरी लेवी ने कहा कि मैंने अभी-अभी अहमद मसूद से फोन पर बात की है। उसने मुझसे कहा कि मैं अहमद शाह मसूद का बेटा हूं, समर्पण मेरी शब्दावली का हिस्सा नहीं है। ये तो अभी बस शुरुआत है। उन्होंने आगे कहा कि मेरे पिता कमांडर मसूद हमारे राष्ट्रीय नायक हैं और उन्होंने मुझे विरासत दी है। ऐसे में उन्हें अफगानों की स्वतंत्रता के लिए लड़ना है। अब ये लड़ाई अपरिवर्तनीय रूप से उनकी है।

आजादी के लिए बहाएंगे खून
मसूद के मुताबिक उनके साथी अब अफगानिस्तान के लिए अपना खून बहाने को तैयार हैं। वो सभी लोग तालिबान की सरकार को अस्वीकार करते हैं और आजादी चाहने वाले सभी लोगों से पंजशीर में शामिल होने का आह्वान करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं सभी कबीलों से लड़ाई के लिए कहता हूं, ताकि जीत सुनिश्चित हो सके। लेवी ने बताया कि मसूद ने उन्हें 16 अगस्त को एक पत्र लिखा था। उन्होंने फ्रांस, यूरोप, अमेरिका और अरब दुनिया से मदद भी मांगी है।

कई जगहों पर मिली हार
मसूद ने कहा कि मैं फ्रांस, यूरोप, अमेरिका और अरब दुनिया के लोगों से पूछता हूं कि क्या आप तालिबान के खिलाफ हमारी लड़ाई में मदद करेंगे? कुछ के विश्वासघात के बावजूद हमें अभी भी आप पर भरोसा है। हम अफगान 1940 में यूरोप की स्थिति में हैं। पंजशीर को छोड़कर हर ओर पराजय मिली है, लेकिन हम कभी नहीं झुकेंगे।

3 जिले करवाए आजाद
खैर मुहम्मद अंद्राबी के नेतृत्व वाले तालिबान विरोधी दल ने दावा कि उन्होंने तीन जिलों को आतंकियों के कब्जे से मुक्त करवा लिया है। जिसमें पोल-ए-हेसर, देह सलाह और बानो शामिल हैं। अब वो दूसरे जिलों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि तीनों जिलों में चली लड़ाई में कई आतंकी मारे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications