क्वाड समिट से पहले ऑस्ट्रेलिया में सत्ता परिवर्तन, एंथनी अल्बनीज बने पीएम
सिडनी, 23 मई। ऑस्ट्रेलिया में लेबर पार्टी की फिर से वापसी हो रही है। तकरीबन एक दशक के बाद कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार सत्ता से बाहर हो रही है। शनिवार को हुए चुनाव में लेबर पार्टी ने जबरदस्त वापसी की है। चुनाव में प्रधानमंत्री स्कॉट मोरिसन को हार का मुंह देखना पड़ा है और अब देश के नए प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज बन गए हैं। गौर करने वाली बात है कि जापान के टोक्यो में होने वाली क्वाड समिट से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया में सत्ता परिवर्तन हुआ है। भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट में हिस्सा लेने के लिए जापान पहुंच चुके हैं।

नतीजे आने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मोरिसन ने कहा कि आज रात मैंने विपक्ष के नेताओं से बात की और आने वाले प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से बात की, मैंने इस चुनाव में उनकी जीत पर उन्हें बधाई दी है। वहीं अल्बनीज ने कहा कि वह देश को एकजुट करना चाहते थे और क्लाइमेट युद्ध को खत्म करना चाहते थे। मुझे लगता है कि लोग एकजुट होना चाहते हैं। जनहित की ओर देखना चाहते हैं, जो हर किसी का लक्ष्य है। मुझे लगता है कि लोगों में अब अलगाव बहुत हुआ, लोग अब चाहते हैं कि सभी एकजुट हो, देश में एकता हो, मैं इसी रास्ते पर आगे चलना चाहता हूं।
अल्बनीज ने कहा कि मेरा लक्ष्य है कि मैं जल्द प्रधानमंत्री पद की शपथ लूं और क्वॉड समिट में हिस्सा लूं जोकि मंगलवार को टोक्यो में होना है। बता दें कि प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ घंटों बाद ही वह टोक्यो के लिए रवाना हो गए। 59 साल के अल्बनीज का बहुत ही छोटे से कार्यक्रम के दौरान शपथ ग्रहण समारोह हुआ। उनकी टीम में विदेश मंत्री पेन्नी वॉन्ग भी क्वॉड समिट में उनके साथ रवाना हुए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष जिम चैल्मर्स और वित्त मंत्री कैटी गैलगेर ने भी शपथ ली है।












Click it and Unblock the Notifications