अनन्या बिड़ला ने अमेरिकी रेस्तरां पर लगाया नस्लवाद का आरोप, बोलीं- 3 घंटे तक इंतजार किया, परिवार सहित बाहर फेंका
वाशिंगटन। आदित्या बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन और मशहूर कारोबारी कुमार मंगलम बिड़ला की बेटी अनन्या बिड़ला ने अमेरिका के एक रेस्तरां पर नस्लवाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे लेकर ट्वीट भी किए हैं। अनन्या ने कहा है कि कैलिफोर्निया में स्थित इटैलियन-अमेरिकन डायनिंग प्लेस के परिसर से उन्हें और उनके परिवार को बाहर निकाला गया है। सिंगर ने शनिवार को इस घटना के बारे में ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी है। साथ ही कहा है कि ये बिल्कुल ठीक नहीं है।

अपने ट्वीट में अनन्या ने कहा है, 'इस रेस्तरां @ScopaRestaurant ने वास्तव में मुझे और मेरे परिवार को अपने परिसर से बार फेंक दिया। बेहद नस्लीय, बेहद दुखद। आपको वास्तव में अपने ग्राहकों के साथ सही व्यवहार करने की आवश्यकता है। यह ठीक नहीं है।' एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'हमने आपके रेस्तरां में खाने के लिए तीन घंटे तक इंतजार किया। शेफ एंटोनिया आपके वेटर जोशुआ सिलवरमैन ने मेरी मां के साथ बहुत रूखा बर्ताव किया, नस्लीय होने की सीमा तक। यह ठीक नहीं है।'

आपको बता दें अनन्या कुमार मंगलम बिड़ला और नीरजा बिड़ला की बेटी हैं। नीरजा शिक्षाविद् और मानसिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता हैं। इसे लेकर नीरजा बिड़ला ने भी ट्वीट किया है और गलत व्यवहार किए जाने को लेकर रेस्तरां को लताड़ा है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है, 'काफी चौंकाने वाला... @ScopaRestaurant द्वारा बिल्कुल भद्दा व्यवहार। आपको अपने किसी भी ग्राहक के साथ इस तरह का व्यवहार करने का कोई अधिकार नहीं है।'
वहीं उनके बेटे आर्यमन बिड़ला ने अपने ट्वीट में कहा, 'मैंने इस तरह का कुछ भी अनुभव नहीं किया है। नस्लवाद मौजूद है और वास्तविक भी है। अविश्वसनीय।' पूरे परिवार ने अपने ट्वीट में रेस्तरां को टैग किया है। हालांकि रेस्तरां की ओर से अभी इस बारे में कोई बयान नहीं दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications